लालगढ़ में अज्ञात वाहन की टक्कर से गोवंश की मौत

आक्रोशित ग्रामीणों व गोरक्षकों ने किया प्रदर्शन, स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग

खेतड़ी I झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड के संजय नगर ग्राम पंचायत के गांव लालगढ़ में देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक गोवंश की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीणों व गोरक्षकों ने सड़क किनारे धरना-प्रदर्शन कर सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना था कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं और गोवंश की जान जा रही है। सुबह धरना प्रदर्शन प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ। अधिकारियों ने ग्रामीणों को तीन दिन के भीतर सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने का भरोसा दिलाया। मौके पर मौजूद बिजेश कुमार सैनी, बलवीर छापोला ने बताया कि इस सड़क से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन गुजरते हैं , रात अज्ञात वाहन ने एक गोवंश को टक्कर मार दी, जिसके बाद वाहन चालक उसे करीब सौ मीटर तक घसीटते हुए ले गया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 10 दिनों में यह तीसरी घटना है, जिसमें गोवंश की मौत हुई है। धरना प्रदर्शन की सूचना मिलने पर खेतड़ी थाने से उप निरीक्षक हनुमान सिंह मय पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचे। वहीं सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता प्रणव शीला ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत द्वारा सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग से सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों को सामूहिक हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन भी सौंपा। अधिकारियों द्वारा तीन दिन में स्पीड ब्रेकर बनाने का आश्वासन देने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। इस मौके पर कमलेश मावंडा, सत्यनारायण, अनिल सिंह, चोथूराम सैनी, मूलाराम सैनी, शेर सिंह, सत्येंद्र, सौरभ, दीपक, अभिषेक, संजय सहित अनेक लोग मौजूद रहें I