श्री सनमुख बालाजी धाम में 9 दिवसीय ‘श्री गुरु कृपा अखण्ड ज्वाला मारुति महायज्ञ’ की तैयारियां तेज, प्रतिदिन रामलीला-रासलीला व विशाल भंडारे का होगा आयोजन
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
ढिगाल के निकट देवगाँव (नूँआँ) स्थित प्रसिद्ध आस्था केंद्र श्री सनमुख बालाजी धाम में 21 मई से 29 मई 2026 तक आयोजित होने वाले भव्य एवं दिव्य ‘श्री गुरु कृपा अखण्ड ज्वाला मारुति महायज्ञ’ को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में लोहार्गल धाम स्थित सूर्य मंदिर में पीठाधीश्वर संत अवधेशानंद जी महाराज द्वारा महायज्ञ के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। इस अवसर पर धार्मिक वातावरण के बीच आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।कार्यक्रम मंत्री महेश बसावतिया ने बताया कि प्रथम ज्येष्ठ (अधिक) शुक्ल पक्ष पंचमी गुरुवार 21 मई से प्रारंभ होकर त्रयोदशी शुक्रवार 29 मई तक चलने वाला यह नौ दिवसीय महायज्ञ भक्त शिरोमणि श्री किशोर सिंह जी महाराज के परम सानिध्य एवं संरक्षण में सम्पन्न होगा। आयोजन में निम्बार्क रत्न महन्त श्री 1008 मनोहरशरण शास्त्री, बड़ा मंदिर पलसाना (सीकर) विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।उन्होंने बताया कि महायज्ञ का शुभारंभ 21 मई को प्रातः 8:15 बजे विशाल एवं आकर्षक कलश यात्रा के साथ होगा। ठाकुर जी मंदिर से प्रारंभ होकर यज्ञ स्थल तक पहुंचने वाली इस यात्रा में सैकड़ों महिलाएं मंगल कलश धारण कर भाग लेंगी, वहीं भजन-कीर्तन एवं जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन दिन में रामलीला तथा रात्रि में दिव्य रासलीला का मंचन किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन महाप्रसाद एवं विशाल भंडारे की व्यवस्था भी रहेगी। महायज्ञ की पूर्णाहुति 29 मई को वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सम्पन्न होगी।आयोजन को शास्त्रोक्त विधि से सम्पन्न कराने हेतु देश के प्रतिष्ठित विद्वानों को आमंत्रित किया गया है। यज्ञाचार्य के रूप में वेदाचार्य पं. श्री वासुदेव शर्मा (बीबासर, झुंझुनूं) अपनी सेवाएं देंगे, जबकि रासाचार्य श्री कृष्ण भारद्वाज (शिव शक्ति योग आश्रम, बरसाना धाम वृंदावन) द्वारा रासलीलाओं का मंचन कराया जाएगा।महायज्ञ को भव्य स्वरूप देने के लिए विशेष कार्यकारिणी का गठन भी किया गया है। संरक्षक के रूप में भक्त शिरोमणि श्री किशोर सिंह महाराज, अध्यक्ष हेमंत कुमार अग्रवाल एवं तुषार जयपुर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कर्नल आनंद सिंह, दीपेंद्र सिंह, सुरमेन्द्र सिंह, शक्ति सिंह, मेहताब सिंह तथा जयपाल डूडी सहित अनेक पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।श्री सनमुख बालाजी धाम विकास समिति एवं महायज्ञ कार्यकारिणी के सदस्यों ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से सपरिवार अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है। आयोजन स्थल झुंझुनूं-सीकर मार्ग पर स्थित श्री सनमुख बालाजी गेट से मात्र एक किलोमीटर दूरी पर स्थित है।










