महिला सुरक्षा पर झुंझुनूं पुलिस का बड़ा एक्शन

डिकॉय अभियान में 8 मनचले दबोचे, पार्क-स्कूल-बस स्टैंड पर महिलाओं से कर रहे थे छींटाकशी

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
जिले में महिला सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे “महिला सुरक्षा संकल्प डिकॉय अभियान” के तहत झुंझुनूं पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से 8 मनचलों को गिरफ्तार किया है। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और निर्भया स्क्वॉड की टीम ने सादा वेश में महिलाओं और छात्राओं के बीच पहुंचकर डिकॉय ऑपरेशन चलाया तथा अश्लील टिप्पणियां कर परेशान करने वाले युवकों को मौके पर ही दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। पुलिस महानिदेशक राजस्थान जयपुर राजीव शर्मा के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। अभियान की मॉनिटरिंग अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्यूआईडीटी फूलचंद मीणा के मार्गदर्शन में की गई। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट प्रभारी संतरा के नेतृत्व में महिला कांस्टेबलों को सादा वस्त्रों में प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तैनात किया गया था।पुलिस के अनुसार झुंझुनूं के परिजात पार्क में महिलाओं व युवतियों पर अश्लील टिप्पणियां कर परेशान कर रहे 4 युवकों को पकड़ा गया। वहीं एसएस मोदी स्कूल के सामने से 2 तथा सुलताना बस स्टैंड से 2 अन्य युवकों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि अभियान का उद्देश्य पार्क, बस स्टैंड, स्कूल, कोचिंग संस्थानों, सरकारी अस्पतालों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं व छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा मनचलों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। गिरफ्तार आरोपियो में मो. कैफ पुत्र अब्दुल मजीद, निवासी वार्ड 32 झुंझुनूं , फैजान खत्री पुत्र महमूद खत्री, निवासी वार्ड 34 झुंझुनूं , अयान कुरैशी पुत्र आरिफ, निवासी वार्ड 32 झुंझुनूं , समीर बेग पुत्र सफी बेग, निवासी वार्ड 44 झुंझुनूं , परवेज अली पुत्र वाहिद अली, निवासी वार्ड 33 झुंझुनूं , मो. जाहिद अली पुत्र खालिद हुसैन, निवासी वार्ड 35 झुंझुनूं , रमन पुत्र सत्यवीर, निवासी अजीतपुरा थाना बगड़ , नितिश पुत्र राजवीर, निवासी लाम्बा गोठड़ा थाना बगड़ शामिल हैं । झुंझुनूं पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में “राजकोप सिटीजन ऐप” के एसओएस फीचर का उपयोग करें। इसके अलावा महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन नंबर 100/112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा पुलिस कंट्रोल रूम 01592-236700 पर भी तुरंत शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।