मलसीसर थाना पुलिस की कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज; सूचना पर दबिश देकर आरोपी को दबोचा
मलसीसर । झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना मलसीसर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 किलो 120 ग्राम अवैध डोडापोस्त बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस अधीक्षक झुंझुनूं कावेन्द्र सिंह सागर (आईपीएस) के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेंद्र सिंह राजावत एवं ग्रामीण वृत्ताधिकारी हरिसिंह धायल के सुपरविजन में थाना अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को रविवार को सूचना मिली थी कि मलसीसर कस्बे के रिको एरिया में एक व्यक्ति अवैध डोडापोस्त लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही थाना अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार मय पुलिस टीम मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम फूलचंद उर्फ फूला पुत्र जालुदास निवासी ख्याली थाना मलसीसर बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 15 किलो 120 ग्राम अवैध डोडापोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अवैध मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन क्षेत्रों में की जानी थी।इस कार्रवाई में थाना अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार के साथ उप निरीक्षक कृपाल सिंह, हेड कांस्टेबल आशाराम, कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह, सुनीत कुमार, रुपेंद्र कुमार, राकेश कुमार तथा साइबर सेल झुंझुनूं के कांस्टेबल अरविंद कुमार की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।










