Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं अपराधी सुधार दिवस पर बंदियों को दिया नई जिंदगी का संदेश

अपराधी सुधार दिवस पर बंदियों को दिया नई जिंदगी का संदेश

झुंझुनूं जिला कारागृह में अपराधी सुधार दिवस कार्यक्रम के दौरान बंदियों को फल वितरण

जिला कारागृह में आत्मसुधार, अनुशासन और सदाचार अपनाने का आह्वान, बंदियों को वितरित किए फल

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से आयोजित समाज कल्याण सप्ताह के तहत जिला कारागृह झुंझुनूं में ‘अपराधी सुधार दिवस’ मनाया गया। कार्यक्रम में बंदियों को अपराध की पुनरावृत्ति से दूर रहकर आत्मसुधार, अनुशासन और सदाचार के माध्यम से जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परिवीक्षा एवं कारागृह कल्याण अधिकारी जयकरण सिंह बुडानिया ने कहा कि जीवन में सुधार और बदलाव के लिए कभी देर नहीं होती।

व्यक्ति आत्मसुधार, अनुशासन और सदाचार को अपनाकर नई शुरूआत कर सकता है। उन्होंने बंदियों से भविष्य में कानून सम्मत आचरण करते हुए जिम्मेदार नागरिक के रूप में जीवन जीने का आह्वान किया। बुडानिया ने कहा कि बंदियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उनके पुनर्वास के लिए सकारात्मक एवं सुधारात्मक दृष्टिकोण अपनाना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कारागृह में बिताया समय आत्मचिंतन और जीवन को नई दिशा देने का अवसर बन सकता है।

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सद्भाव और मानवीय संवेदनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला कारागृह में निरूद्ध बंदियों को फल वितरित किए गए। इस दौरान वक्ताओं ने बंदियों को अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने तथा भविष्य में समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में उप कारापाल मनोहर सिंह, मुख्य प्रहरी संजीव कुमार, राजीव कुल्हार एवं राजेन्द्र कुमार धवल सहित कारागृह स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम के माध्यम से बंदियों को यह संदेश दिया गया कि सुधार की राह अपनाकर वे स्वयं को समाज की मुख्यधारा में पुनः स्थापित कर सकते हैं।

Advertisement