पुलिस पर जानलेवा हमला करने वाले आरवी गैंग के दो इनामी बदमाश दबोचे

सरकारी गाड़ियों को मारी थी टक्कर, चार पुलिसकर्मी हुए थे घायल; हिस्ट्रीशीटर कालू और विक्की गिरफ्तार

गुढागौड़जी ।झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
गुढागौड़जी थाना पुलिस ने पुलिस जाप्ते पर जानलेवा हमला कर सरकारी वाहनों को टक्कर मारने और चार सरकारी कर्मचारियों को घायल करने के सनसनीखेज मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच-पांच हजार रुपए के दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर विरेन्द्र उर्फ कालू और विकास उर्फ विक्की शामिल हैं। मामले में पूर्व में भी दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।पुलिस के अनुसार यह पूरी वारदात 14 मार्च 2026 को गुढाबावनी के बांडियानाला क्षेत्र में हुई थी, जब पुलिस को सूचना मिली कि हिस्ट्रीशीटर रोहित महला अपने गैंग के साथ किसी बड़ी वारदात की फिराक में मौजूद है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने सीधे हमला बोल दिया।

पुलिस वाहन पर चढ़ाई बोलेरो पिकअप, मारने की कोशिश

गश्त के दौरान मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर बिना नंबर की बोलेरो पिकअप चढ़ाने का प्रयास किया गया। आरोपी विरेन्द्र उर्फ कालू ने सरकारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि एयरबैग खुलने से पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसी दौरान हिस्ट्रीशीटर रोहित महला दूसरी पिकअप लेकर मौके पर पहुंचा और पुलिस जाप्ते को कुचलने की नीयत से वाहन दौड़ा दिया। इस हमले में पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। बदमाशों ने मौके से अपने पकड़े गए साथी को छुड़ा लिया और राजकार्य में बाधा पहुंचाई। हमले के बाद भागते समय रोहित महला की गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में घायल होने के बावजूद पुलिस ने उसे दबोच लिया, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि रोहित महला के खिलाफ पहले से 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह “आरवी ग्रुप 0038” नाम से गैंग संचालित करता है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं, पीडीपीपी एक्ट तथा एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, पुलिस पर हमला करने, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत और वृताधिकारी महावीर सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी सुरेश कुमार रोलन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने लगातार दबिश देकर आरोपी विरेन्द्र झाझड़िया उर्फ कालू निवासी नाटास और विकास स्वामी उर्फ विक्की निवासी गुढाबावनी को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में वृताधिकारी महावीर सिंह, थानाधिकारी सुरेश कुमार रोलन, बाबूलाल, राजसिंह, गोपीचंद, देवेन्द्र कुमार, राजेश कुमार और नेमीचंद सहित पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही। वहीं बाबूलाल और देवेन्द्र कुमार का योगदान विशेष रूप से सराहनीय बताया गया।

चूरू से महिला कांग्रेस का बड़ा अभियान, PM को भेजे जाएंगे 10 लाख पोस्टकार्ड

रतननगर में 540 मरीजों का मुफ्त इलाज, 32 साल से चल रहा मिर्गी शिविर

चूरू में BJP की जीत का जश्न,  गढ़ चौराहे पर आतिशबाजी और मिठाई