विशेष अभियान में 12 वाहन जब्त, ओवरस्पीड, बिना हेलमेट और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती
झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
जिला पुलिस ने यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के विशेष अभियान में रिकॉर्ड स्तर पर चालान काटे। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 1727 वाहन चालकों के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत चालान किए गए, जबकि 12 वाहनों को जब्त किया गया। एमवी एक्ट में व्यापक कार्रवाई की गई I अभियान पुलिस महानिरीक्षक जयपुर रेंज के निर्देश पर 11 अप्रैल को चलाया गया, जिसमें जिलेभर में नाकाबंदी कर सघन वाहन जांच की गई। इस दौरान पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान बिना हेलमेट, सीट बेल्ट नहीं लगाने, ओवरस्पीडिंग, मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए वाहन चलाने, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और शराब पीकर वाहन चलाने वालों को निशाने पर लिया गया। इसके अलावा ब्लैक फिल्म लगे वाहन, बिना नंबर या संदिग्ध वाहनों पर भी सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने कार्रवाई के साथ-साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक भी किया। अभियान के दौरान जुर्माना वसूली के साथ लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश दिया गया। वहीं झुंझुनूं पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
ऑपरेशन नकेल: चूरू में ड्रग माफिया पर बड़ा एक्शन | 54 लाख के नशे का सामान जब्त
मौसमी बीमारियों से कैसे बचें? | डॉक्टर अरविंद सैनी का खास इंटरव्यू









