विद्यार्थियों ने पोस्टरों के जरिए दिया सामाजिक समरसता और शिक्षा का संदेश
झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर शहर के गणपति नगर स्थित राजस्थान पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना ( एनएसएस ) इकाई के तत्वावधान में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर विद्यालय में पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 26 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने पोस्टरों के माध्यम से जाति भेदभाव मुक्त भारत, नारी सशक्तिकरण और बाबा साहेब के विचारों को सृजनात्मक रूप से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की कलाकृतियों में सामाजिक जागरूकता और संवैधानिक मूल्यों की झलक साफ दिखाई दी। संस्था निदेशक इंजी. प्यारेलाल ढूकिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिससे जीवन के हर बंद दरवाजे खोले जा सकते हैं। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर विद्यार्थियों को बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य शुभकरण खीचड़ ने अपने उद्बोधन में कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, शिक्षा और समानता का प्रेरक उदाहरण है। उनका “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” का संदेश आज भी युवाओं के लिए उतना ही प्रासंगिक है। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
ऑपरेशन नकेल: चूरू में ड्रग माफिया पर बड़ा एक्शन | 54 लाख के नशे का सामान जब्त
मौसमी बीमारियों से कैसे बचें? | डॉक्टर अरविंद सैनी का खास इंटरव्यू














