सुजानगढ़। सुजला जिला बनाने को लेकर जय सुजला अभियान के तहत सोमवार को तहसील कार्यालय के सामने सर्व समाज के लोगों द्वारा प्रदर्शन किया गया। सुजला महासत्याग्रह के संयोजक श्रीराम भामा के नेतृत्व में किए गए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। लोगों ने जिला बनाने को लेकर नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री से जल्द से जल्द सुजला जिला बनाने की अपील की। विजयपाल श्योराण ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री आमजन की जनभावना को नहीं समझ रहे हैं। कांग्रेस नेता इदरीश गौरी ने कहा कि सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए सुजला जिला बनाना चाहिए। हमें जनप्रतिनिधियों को आगे लेकर सुजला जिला बनवाने के लिए सब संगठनों, व्यापार मंडलों और जागरूक समूहों को साथ लेकर जन आंदोलन करने की तैयारी करनी चाहिए। प्रदर्शन के बाद एसडीएम कार्यालय में मुख्यमन्त्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया। प्रदर्शन में गणेशाराम माली, अशोक कुमार टाक, श्यामसुंदर स्वामी, दीपक टेलर, कमल कुमार, नदीम ,साजिद, इदरीश सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इधर, जनहित संघर्ष मोर्चा की जिले को लेकर एसडीएम ऑफिस के सामने धरना स्थल पर बैठक हुई। जिसमें जिला आंदोलन को लेकर आगामी रणनीति पर विचार विमर्श हुआ। मोर्चा के अध्यक्ष एडवोकेट रामकुमार मेघवाल ने कहा कि पिछली सरकार ने आंदोलन के दबाव में सुजानगढ़ को जिला बनाने की घोषणा की थी। प्रशासनिक देरी की वजह से नोटिफिकेशन नहीं हो पाया। लेकिन भाजपा सरकार ने अब इसे पूरी तरह निरस्त कर दिया। जिससे लोगों में निराशा है। मेघवाल ने कहा कि जल्दी ही आंदोलन को नया रूप देते हुए प्रदर्शन किया जाएगा। मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। जिसमें सुजानगढ़ को जिला बनाने का नोटिफिकेशन जारी करने और सीकर संभाग को पुनः बहाल किए जाने की मांग रखी। इस दौरान कॉमरेड रामनारायण रुलानिया, तेजपाल गोदारा, जगदेव बेड़ा, मुमताज खां, लिखमीचंद मेघवाल, लियाकत खां, साबिर चौहान, पवन भोजक, चांदमल, भैराराम प्रजापत, मो. सलीम, सद्दीक मनियार सहित कार्यकर्ता मौजूद थे।
Advertisement
















