राजस्थान का पहला मेंगो फेस्टिवल शुरू

0
459

बांसवाड़ा में सजा फलों के राजा ‘आम’ का ’खास’ संसार

बांसवाड़ा। फलों के राजा आम की बांसवाड़ा में पाई जाने वाली 46 प्रजातियों से देश-दुनिया को रूबरू करवाने के लिए राजस्थान का पहला मेंगो फेस्टिवल बांसवाड़ा के कुशलबाग मैदान में शुक्रवार शाम से शुरू हुआ। जिला प्रशासन, कृषि अनुसंधान केन्द्र तथा बांसवाड़ा पर्यटन उन्नयन समिति के तत्वावधान में आयोजित हो रहे तीन दिवसीय बांसवाड़ा मेंगो फेस्टिवल का शुभारंभ जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग राज्यमंत्री अर्जुन सिंह बामनिया के मुख्य आतिथ्य में हुआ।
इस मौके पर बामनिया ने कहा कि यह पहला और सफल प्रयास बांसवाड़ा जिले में आम की इतनी सारी प्रजातियों की उपलब्धता को देश-दुनिया तक पहुंचाएगा। उन्होंने यहां पर आम की प्रजातियों के प्रदर्शन को भी देखा तथा यहां विविध स्टाल्स पर आम प्रजातियों को चखा भी।
फेस्टिवल में 13 स्टॉल्स पर आम की विविध 46 प्रजातियों की प्रदर्शनी लगाई गई थी वहीं 8 पर आम के उत्पादों का प्रदर्शन व विक्रय किया गया। एक स्टॉल तकनीकी परामर्श केन्द्र के रूप में स्थापित थी जहां पर कृषि अनुसंधान केन्द्र के वैज्ञानिक मौजूद रहकर आम के संबंध में जनसामान्य की शंकाओं का समाधान कर रहे थे।
बांसवाड़ा में पहली बार आयोजित हो रहे मेंगो फेस्टिवल के प्रति लोगों दिवानगी इस कदर थी कि फेस्टिवल के शाम 6 बजे से शुरू होने से एक घंटे पहले ही अलग-अलग स्टाल्स पर पहुंच गए और आम व उत्पादों की खरीदी शुरू कर दी। रात्रि 8 बजे तक मल्लिका, लंंगड़ा, केसर, जंबो केसर गुजरात, चौरा, आम्रपाली, दशहरी, आदि प्रजातियों के स्टाल्स पर लाए गए आम खत्म हो गए और लोगों ने मजबूरन दूसरी प्रजातियों के आम खरीदे। बांसवाड़ा में खासतौर पर बनाए जाने वाले आमपाक के प्रति भी लोगों की दिवानगी आज नज़र आई। शहर के आजाद चौक की 90 वर्र्ष पुरानी फर्म आरएमबी के अनिल जोशी द्वारा लगाए गए स्टाल पर करीब 30 किलो आमपाक बिक्री के लिए रखा गया था और डेढ़ घंट के अंतराल में ही इस स्टाल पर आमपाक साफ हो गया।
मेंगो फेस्टिवल के तहत आम पर आधारित पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता 8 जून को शाम 6 बजे कुशलबाग मैदान में आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता में शिक्षा विभाग स्कूली विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया है।
इस मौके पर बांसवाड़ा जिला कलक्टर आशीष गुप्ता, नगरपरिषद सभापति मंजूबाला पुरोहित, जिला परिषद सीईओ गोविंदसिंह राणावत सहित जिले के समाजसेवी व अन्यजन मौजूद थे।

मेंगो फेस्टिवल में आम विषयक दो फोल्डर्स का हुआ विमोचन

जनजाति क्षेत्रीय विकास राज्यमंत्री अर्जुन सिंह बामनिया ने जिला प्रशासन, कृषि अनुसंधान केन्द्र, उद्यान विभाग एवं कृषि विज्ञान केन्द्र की टीम द्वारा तैयार किए गए फोल्डर का विमोचन किया। जनसंपर्क उपनिदेशक कमलेश शर्मा के निर्देशन में संपादन टीम द्वारा विशेष रूप से फेस्टिवल के बारे में जानकारी प्रदान करने वाले इस फोल्डर में यहां के आमों की विशिष्टता के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई गई है। कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा आम प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन शीर्षक से तैयार किए बहुरंगी फोल्डर का भी विमोचन किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here