जिला स्तरीय प्रतियोगिता का जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा और एसपी निश्चय प्रसाद एम ने किया शुभारंभ, बोले- मोबाइल के दौर में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल जरूरी
चूरू। शहर के मनोरंजन क्लब में रविवार को जिला स्तरीय पिकल बॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा और पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने पिकल बॉल खेलकर किया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और शानदार खेल प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में प्रवेश किया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि मोबाइल के बढ़ते दौर में खेलों का महत्व और भी बढ़ गया है। खेलों से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है तथा शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।एसपी निश्चय प्रसाद एम ने कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों का लगातार आयोजन होना चाहिए।
वर्तमान समय में खेल के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं और युवा खेलों को करियर के रूप में भी अपना सकते हैं। उन्होंने कहा कि मनोरंजन क्लब में पिकल बॉल का महाकुंभ सजा है, जिसमें छोटे बच्चों के लिए भी तीन-चार श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। शहर के हृदय स्थल पर इस तरह का आयोजन होना सराहनीय पहल है।
सात श्रेणियों में आयोजित हुई प्रतियोगिताएं
पिकल बॉल के अध्यक्ष महादेव सिंह महिया और सचिव संजय पूनिया के नेतृत्व में प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। द पैडल हाउस की सचिव शकुंतला पूनिया ने प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें अंडर-18 बॉयज सिंगल्स, मेंस सिंगल्स इंटरमीडिएट, मेंस डबल्स, गर्ल्स सिंगल्स, गर्ल्स डबल्स, विमेंस सिंगल्स और डबल्स ओपन सहित विभिन्न श्रेणियों में मुकाबले आयोजित किए गए।
प्रतियोगिता में सभी खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और उत्साह का प्रदर्शन किया। मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों ने अगले दौर में अपनी जगह बनाई। कार्यक्रम में मनोरंजन क्लब के सचिव डॉ. एफएच गौरी, रमेश पूनिया, विनोद गढ़वाल, पुलकित अग्रवाल, जयप्रकाश बागोरिया, सतीश तलवानी और शकुंतला पूनिया ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन शिशुपाल बुडानिया ने किया।















