Advertisement
Home राजस्थान सीकर बाल विवाह उन्मूलन के लिए नाथावतपुरा में निकाली मशाल यात्रा, ग्रामीणों को...

बाल विवाह उन्मूलन के लिए नाथावतपुरा में निकाली मशाल यात्रा, ग्रामीणों को किया जागरूक

नाथावतपुरा से जागरूकता अभियान का आगाज

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और गायत्री सेवा संस्थान की संयुक्त पहल, 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक जिले में चलेगा पांच दिवसीय जागरूकता अभियान

सीकर। राहुल टांक
अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर शुक्रवार शाम सीकर के नाथावतपुरा गांव में बाल विवाह उन्मूलन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं गायत्री सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में मशाल प्रज्वलित कर बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शालिनी गोयल, बाल अधिकारिता विभाग की उप सहायक निदेशक डॉ. गार्गी शर्मा, एएसपी तेजपाल सिंह तथा गायत्री सेवा संस्थान के जिला समन्वयक नरेश सैनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

इस दौरान वक्ताओं ने बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए कहा कि यह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और मानसिक विकास में बाधक है। इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना होगा। उन्होंने ग्रामीणों से बाल विवाह रोकने में प्रशासन का सहयोग करने और आसपास ऐसे मामलों की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान मशाल प्रज्वलित कर जागरूकता का संदेश दिया गया। साथ ही बताया गया कि 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों और पंचायतों में पांच दिवसीय जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत बच्चों, युवाओं, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों को जोड़कर बाल विवाह उन्मूलन का संदेश दिया जाएगा।

Advertisement