मतदान के दौरान पोलिंग बूथ के बाहर कुर्सियों से किया था हमला, उपचार के दौरान हुई थी पूर्व सरपंच की मौत , दोनों आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मारपीट के दो-दो मामले
खेतड़ी।झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
बबाई क्षेत्र में पंचायत राज चुनाव के मतदान के दौरान पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण सैनी की हत्या के मामले में खेतड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में सुरेन्द्र सिंह और जयपाल सिंह को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी पुलिस थाना खेतड़ी में मारपीट के दो-दो प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस अब मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर अनुसंधान कर रही है। पुलिस के अनुसार 16 नवंबर 2026 को चुनाव मतदान के दौरान पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण सैनी पोलिंग बूथ के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान सुरेन्द्र सिंह, जयपाल सिंह, दौलत सिंह, रणवीर सिंह सहित 5 से 7 अन्य व्यक्ति वहां पहुंचे और एकराय होकर लक्ष्मीनारायण सैनी पर जान से मारने की नीयत से कुर्सियों से हमला कर दिया। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें उपचार के लिए पहले बबाई अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर नीमकाथाना अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के संबंध में 17 नवंबर को मृतक के पुत्र राजेश कुमार सैनी ने खेतड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
रिपोर्ट में सुरेन्द्र सिंह, जयपाल सिंह, दौलत सिंह, रणवीर सिंह सहित अन्य लोगों पर एकराय होकर हमला करने का आरोप लगाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। मामले की गंभीरता को देखते हुए झुंझुनूं जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा खेतड़ी वृत्ताधिकारी राजेन्द्र कुमार बुरडक के सुपरविजन में थानाधिकारी बुद्धिप्रसाद के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए हत्याकांड के मुख्य आरोपी सुरेन्द्र सिंह और जयपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी खेतड़ी थाने में मारपीट के दो-दो प्रकरण दर्ज हैं। मामले में अनुसंधान जारी है तथा घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में जयपाल सिंह (41) पुत्र पूर्ण सिंह निवासी ढाणी आशाकाला, तन विजयनगर, थाना खेतड़ी तथा सुरेन्द्र सिंह (50) पुत्र स्व. श्योबक्स सिंह निवासी ढाणी मीनावाली, तन विजयनगर, थाना खेतड़ी, जिला झुंझुनूं शामिल हैं। वहीं कार्रवाई करने वाली टीम में खेतड़ी थानाधिकारी बुद्धिप्रसाद , हेड कांस्टेबल महेश कुमार , कांस्टेबल राजवीर , कांस्टेबल अनिल तथा आरटी कांस्टेबल हेमंत कुमार शामिल रहे।
















