Advertisement
Home राजस्थान पाली गर्मी से पहले पेयजल व्यवस्था सुधारने की कवायद, 13 खराब हैंडपंप दुरुस्त...

गर्मी से पहले पेयजल व्यवस्था सुधारने की कवायद, 13 खराब हैंडपंप दुरुस्त कराने की मांग

पाली जिले के देसूरी में खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत करवाने के लिए जलदाय विभाग को मांग पत्र सौंपते ग्राम पंचायत प्रतिनिधि

देसूरी के तीन वार्डों में लंबे समय से बंद पड़े हैंडपंपों से बढ़ी परेशानी; ग्राम पंचायत ने जलदाय विभाग को पत्र लिखकर मरम्मत और पुनः चालू करवाने की मांग की

देसूरी ।पाली।प्रहलाद सिंह
गर्मी का मौसम शुरू होने से पहले ही कस्बे में पेयजल व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ने लगी है। ग्राम पंचायत देसूरी क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों में 13 हैंडपंप खराब होने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर ग्राम पंचायत ने जलदाय विभाग के सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता को पत्र लिखकर खराब हैंडपंपों की मरम्मत करवाकर उन्हें पुनः चालू करने की मांग की है।

ग्राम पंचायत की ओर से सरपंच कांतिलाल प्रजापत, उपसरपंच प्रतिनिधि शंकर मीणा, वार्ड पंच यशपाल सिंह सहित कोरम सदस्यों ने विभाग को मांग पत्र सौंपा। इसमें बताया गया कि देसूरी के तीन वार्डों—देसूरी, चौधरामाताजी नगर एवं सेलीमाताजी नगर में कई हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़े हैं। पंचायत की ओर से तैयार सूची में कुल 13 स्थानों पर खराब हैंडपंप चिह्नित किए गए हैं। इनमें विभिन्न मोहल्लों, मंदिरों के आसपास, कॉलोनियों, तालाब क्षेत्र और सार्वजनिक रास्तों के निकट स्थित हैंडपंप शामिल हैं।

तकनीकी खराबी और उपकरणों की कमी से बंद हैं हैंडपंप

ग्राम पंचायत ने पत्र में बताया कि कुछ हैंडपंपों में पर्याप्त पानी उपलब्ध है, लेकिन तकनीकी खराबी, पाइपलाइन संबंधी समस्या और आवश्यक उपकरणों की कमी के कारण उनका उपयोग नहीं हो पा रहा है। वहीं, कुछ हैंडपंपों में पानी की उपलब्धता से जुड़ी समस्या भी सामने आई है।

पंचायत ने विभाग से सभी चिह्नित हैंडपंपों का मौका निरीक्षण करवाकर आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया है। पंचायत का कहना है कि गर्मी के मौसम में पेयजल की संभावित समस्या को देखते हुए खराब हैंडपंपों को समय रहते चालू करना जरूरी है, ताकि स्थानीय निवासियों को राहत मिल सके और सार्वजनिक उपयोग के लिए बंद पड़े हैंडपंप फिर से काम में आ सकें।

Advertisement