Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं दांतों के दम पर राकेश सैनी ने खींचीं पांच कारें, झुंझुनूं के...

दांतों के दम पर राकेश सैनी ने खींचीं पांच कारें, झुंझुनूं के लाल ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

फिट इंडिया ब्रांड एंबेसडर राकेश सैनी झुंझुनूं के प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल में दांतों से पांच कारें खींचकर प्रदर्शन करते हुए

प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल में हजारों विद्यार्थियों ने देखा हैरतअंगेज प्रदर्शन , दो क्रेटा कारों और बस को भी दांतों से खींचकर दिखाई ताकत , अब विमान खींचने का है लक्ष्य—

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
अपनी असाधारण शारीरिक क्षमता, मजबूत इच्छाशक्ति और अदम्य संकल्प के दम पर झुंझुनूं के राकेश सैनी ने एक बार फिर झुंझुनूं जिले का नाम रोशन किया है। फिट इंडिया के ब्रांड एंबेसडर राकेश सैनी ने प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल परिसर में दांतों से एक साथ पांच कारें खींचकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। उनके इस हैरतअंगेज प्रदर्शन को देखकर हजारों विद्यार्थी रोमांचित हो उठे। उन्होंने दो क्रेटा कारों और एक बस को भी दांतों से खींचकर अपनी असाधारण क्षमता का प्रदर्शन किया।

प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित विशेष कार्यक्रम में राकेश सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान नगर परिषद सभापति अब्दुल्ला गुलाम नबी आगवान तथा जिला पर्यावरण सुधार समिति के सदस्य राजेश अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरूआत अतिथियों के स्वागत गान से हुई। इसके बाद स्कूल के ताइक्वांडो और किकबॉक्सिंग के विद्यार्थियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भी समां बांधा।

इस अवसर पर राकेश सैनी ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए खानपान और दिनचर्या पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने चाय-कॉफी, मिठाइयों और बाहरी खानपान से परहेज करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि दांतों से विमान खींचना उनका अगला सपना है और वे इसे भी जल्द साकार करने के लिए प्रयासरत हैं।

नगर परिषद सभापति अब्दुल्ला गुलाम नबी आगवान ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास बेहद जरूरी हैं। प्रिंस इंटरनेशनल ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन डॉ. जी.एल. कालेर ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई के साथ शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत होना भी आवश्यक है।

राकेश सैनी जैसे प्रतिभाशाली व्यक्तित्व झुंझुनूं की धरती का गौरव हैं। उनका प्रदर्शन बच्चों को कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि संस्थान भविष्य में भी विद्यार्थियों को खेल एवं फिटनेस के प्रति प्रोत्साहित करने वाले आयोजन करता रहेगा। निदेशक निर्मल कालेर ने बताया कि विद्यार्थियों में खेल, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया।

उन्होंने बच्चों से अपने सपनों को साकार करने के लिए अनुशासन और निरंतर मेहनत को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। साथ ही मीडिया पार्टनर एफएम रेडियो 91.2, अतिथियों, अभिभावकों और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया। कार्यक्रम में चेयरपर्सन सावित्री कालेर, लक्ष्मी कालेर, महेंद्र सैनी, पीसीआई हेड अनूप सिंह सहित स्कूल के स्टाफ सदस्य एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Advertisement