Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं नूनिया गोठड़ा मोड़ पर भीषण सड़क हादसा :  दो कारों की आमने-सामने...

नूनिया गोठड़ा मोड़ पर भीषण सड़क हादसा :  दो कारों की आमने-सामने टक्कर, तीन गंभीर घायल

टक्कर के बाद क्रेटा कार खेत में जा घुसी, 108 एंबुलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाई जान

चिड़ावा ।झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
झुंझुनूं-चिड़ावा मार्ग पर मंगलवार सुबह नूनिया गोठड़ा मोड़ के पास दो कारों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से उतरते हुए सीधे पास के खेत में जा घुसी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 8 बजे एक क्रेटा कार चिड़ावा से झुंझुनूं की ओर जा रही थी। जैसे ही कार नूनिया गोठड़ा मोड़ के पास पहुंची, सामने से आ रही अर्टिगा कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि क्रेटा कार सड़क किनारे खेत में जा घुसी, जबकि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।हादसे में कुलदीप पुत्र श्रीरामधारी निवासी दिल्ली, सुधीर पुत्र मायादीन निवासी रेवाड़ी (हरियाणा) तथा लक्ष्मण दास निवासी रेवाड़ी (हरियाणा) गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए राहत कार्य शुरू किया और घायलों को क्षतिग्रस्त वाहनों से सुरक्षित बाहर निकाला।

108 एंबुलेंस टीम की तत्परता से मिली राहत

घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस सेवा सक्रिय हुई। एंबुलेंस पायलट मनेंद्र और नर्सिंग स्टाफ अंकित , निर्मल तत्काल मौके पर पहुंचे। टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत एंबुलेंस से चिड़ावा के उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। यह हादसा एक बार फिर व्यस्त झुंझुनूं-चिड़ावा मार्ग पर वाहन चालकों को सतर्कता एवं यातायात नियमों की पालना की आवश्यकता का संदेश देता है। स्थानीय लोगों ने भी इस मोड़ पर सड़क सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए जाने की मांग उठाई है।

Advertisement