दीपावली स्नेह मिलन में कार्यकारिणी विस्तार और अधिकाधिक समाजबंधुओं को संगठन से जोड़ने पर हुई चर्चा
सुलताना। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
कस्बे में पुलिस थाने के पास स्थित बालाजी मंदिर प्रांगण में स्वामी समाज की ओर से दीपावली स्नेह मिलन एवं सामाजिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज की एकजुटता मजबूत करने, संगठन का दायरा बढ़ाने, नए उपखंड गठित करने तथा कार्यकारिणी विस्तार सहित समाज के सर्वांगीण विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सुलताना खंड का क्षेत्र बढ़ाकर उसके अंतर्गत उपखंड बनाने तथा अधिकाधिक समाजबंधुओं को संगठन से जोड़कर सामाजिक एकता को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि संगठित प्रयासों और सामूहिक भागीदारी से ही समाज को नई दिशा देते हुए आगे बढ़ाया जा सकता है। सुलताना खंड अध्यक्ष सुनील स्वामी ने समाजबंधुओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। मनोज स्वामी अडूका ने भी अपने विचार रखते हुए संगठन विस्तार और सामाजिक एकता की आवश्यकता बताई। बैठक में गोपीराम स्वामी, उपाध्यक्ष नरेंद्र स्वामी, दुर्गेश स्वामी किशोरपुरा एवं सचिव संजय स्वामी ने भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने कार्यकारिणी विस्तार, नए समाजबंधुओं को संगठन से जोड़ने और समाज को संगठित रूप से आगे ले जाने पर अपने सुझाव रखे।
इस दौरान धर्मपाल स्वामी, शिवप्रसाद स्वामी, बाबूलाल स्वामी, संजय स्वामी, कैलाश स्वामी, भगवती प्रसाद, कृष्ण स्वामी, धर्मपाल स्वामी सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु मौजूद रहे। बैठक में चनाना, महरमपुर, किशोरपुरा, अडूका और भुकाणा सहित विभिन्न गांवों से आए समाज के लोगों ने भागीदारी निभाई। दीपावली स्नेह मिलन के इस आयोजन में आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और संगठनात्मक एकता को मजबूत करने पर जोर रहा।















