Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं बाण माता के जयकारों के साथ 160 किलोमीटर की पदयात्रा पर निकले...

बाण माता के जयकारों के साथ 160 किलोमीटर की पदयात्रा पर निकले लाटाड़ा के श्रद्धालु

बाण माता के जयकारों के साथ चित्तौड़गढ़ मंदिर की 160 किलोमीटर पदयात्रा पर रवाना हुए लाटाड़ा गांव के जणवा समाज के श्रद्धालु

पांच दिनों में चित्तौड़गढ़ स्थित बाण माता मंदिर पहुंचेंगे पदयात्री; देसूरी में कांग्रेस नेता रतन जणवा सहित जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत

देसूरी ।पाली । प्रहलाद सिंह
आस्था और श्रद्धा का अनूठा संगम सोमवार तड़के लाटाड़ा गांव में देखने को मिला। यहां जणवा समाज के श्रद्धालुओं का एक दल अपनी कुलदेवी बाण माता के दर्शन के लिए चित्तौड़गढ़ स्थित मंदिर की 160 किलोमीटर लंबी पदयात्रा पर रवाना हुआ। सुबह पांच बजे बाण माता के जयकारों के साथ शुरू हुई यह यात्रा पांच दिनों में पूरी होगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु चारभुजा में रात्रि विश्राम करेंगे।

पदयात्रा में ललित चौधरी, कैलाश चौधरी, प्रकाश चौधरी, भैराराम चौधरी, सुरेश चौधरी और लाटाड़ा के पूर्व जिला सचिव हेमाराम मेघवाल सहित समाज के अनेक श्रद्धालु शामिल हैं। पदयात्री रास्ते में भजन-कीर्तन करते हुए और माता के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं।

देसूरी में हुआ पदयात्रियों का स्वागत

देसूरी में हरिओम आश्रम के समीप ज्योति होटल पहुंचने पर बाली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे रतन जणवा, प्रमोद पाल सिंह, मनोहर सिंह और भंवरदास रामावत ने पदयात्रियों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। इस दौरान सभी ने श्रद्धालुओं की सुखद एवं सफल यात्रा की मंगलकामना की।

मेवाड़ राजघराने की कुलदेवी हैं बाण माता

चित्तौड़गढ़ दुर्ग में विराजित बाण माता का मेवाड़ के इतिहास और धार्मिक परंपराओं में विशेष स्थान है। माता को मेवाड़ के गुहिल एवं सिसोदिया राजवंश की कुलदेवी के रूप में पूजा जाता है। राजपरिवार की धार्मिक आस्था और परंपराओं में बाण माता की आराधना का विशेष महत्व रहा है।

राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। कुलदेवी के प्रति अटूट आस्था और पारिवारिक परंपरा के निर्वहन के उद्देश्य से लाटाड़ा के श्रद्धालु यह कठिन पदयात्रा कर रहे हैं।

Advertisement