11वें जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह में जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने किया प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन, आरएएस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र
झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
शिक्षा, प्रतिभा और सामाजिक जागरूकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कुरैश समुदाय की अग्रणी शैक्षिक एवं सामाजिक संस्था अल-कुरैश वेलफेयर सोसाइटी की ओर से 11वां जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह में शिक्षा, चिकित्सा, राजकीय सेवाओं, विभिन्न शैक्षणिक पाठ्यक्रमों एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली 200 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
समारोह में वक्ताओं ने शिक्षा को समाज की तरक्की, आत्मनिर्भरता और सर्वांगीण विकास का सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए युवाओं से बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने अल-कुरैश वेलफेयर सोसाइटी के शैक्षिक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभावान विद्यार्थियों को जीवन में सकारात्मक सोच अपनाकर कठिन परिश्रम के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने, लक्ष्य निर्धारित करने और सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी।
समारोह का शुभारंभ हाजी फारूक खत्री ने तिलावत-ए-कुरआन से किया। इसके बाद सोसायटी पदाधिकारियों ने अतिथियों का साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर स्वागत-अभिनंदन किया। समारोह में वरिष्ठ आरएएस एवं राजस्थान रोडवेज जयपुर के कार्यकारी निदेशक विनोद कुमार पुरोहित, वरिष्ठ आरएएस अधिकारी सलीम खान अजमेर, लायंस क्लब अध्यक्ष डॉ. देवकीनंदन तुलस्यान, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी लक्ष्मणगढ़ कमलेश कुमार तेतरवाल, जमात-ए-इस्लामी हिंद एवं इदराक फाउंडेशन के शिक्षाविद आसिम वकार सवाईमाधोपुर, प्रो. शाहिस्ता नाज कुरैशी जयपुर, मुफ्ती मोहम्मद जहीर कुरैशी जयपुर, झुंझुनूं नगर परिषद सभापति अब्दुल्लाह गुलाम नबी अगवान, उमा पुरोहित, जमीयतुल कुरैश बिसाऊ के अध्यक्ष एवं वापी प्रवासी उद्योगपति मोहम्मद अली सैय्यद, नगरपालिका बिसाऊ अध्यक्ष सलमा सैय्यद, शहर काजी हाजी शफीउल्लाह सिद्दीकी तथा भामाशाह मोहम्मद जाकिर सैय्यद बिसाऊ विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
शिक्षा के साथ आचरण और व्यवहार को भी बनाएं आदर्श
संरक्षक मोहम्मद इदरीस ने बताया कि समारोह की अध्यक्षता राजकीय महाविद्यालय रामगढ़ शेखावाटी के प्राचार्य एवं मोटिवेशनल स्पीकर प्रो. (डॉ.) जेबी खान ने की। अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. खान ने इस्लाम धर्म की शिक्षाओं की व्याख्या करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सबसे पहले अपने आचरण, व्यवहार और मामलात को दुरुस्त करना आवश्यक है। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से शिक्षा के महत्व को समझाते हुए कहा कि मुस्लिम समाज की राजकीय सेवाओं में भागीदारी आज भी लगभग एक प्रतिशत ही है। इस स्थिति में बदलाव लाने के लिए शिक्षा के प्रति गंभीरता, जागरूकता और युवाओं को उचित मार्गदर्शन देना जरूरी है।
वरिष्ठ आरएएस अधिकारी सलीम खान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि व्यवस्था में कहीं भी भेदभाव नहीं है, सफलता के लिए मेहनत, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति जरूरी है। उन्होंने अपने जीवन का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि उन्होंने दसवीं कक्षा में पूरक परीक्षा उत्तीर्ण की थी, लेकिन इसके बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट गए और प्रथम प्रयास में ही आरएएस प्रतियोगी परीक्षा में पांचवीं रैंक हासिल की। उन्होंने युवाओं से कहा कि अपनी रूचि और शौक के अनुसार विषय का चयन करें, जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें तथा पूरी लगन के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करें।
सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं, निरंतर मेहनत जरूरी
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी लक्ष्मणगढ़ कमलेश कुमार तेतरवाल ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट रास्ता नहीं होता। इसके लिए नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर परिश्रम आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की शिक्षा, गतिविधियों और भविष्य पर स्वयं ध्यान दें तथा उन्हें बेहतर माहौल और मार्गदर्शन उपलब्ध करवाएं। वरिष्ठ आरएएस अधिकारी एवं राजस्थान रोडवेज के कार्यकारी निदेशक विनोद कुमार पुरोहित ने कहा कि दुनिया में कोई भी काम असंभव नहीं है।
व्यक्ति जो लक्ष्य निर्धारित करता है, उसे लगन और जुनून के साथ प्रयास करके हासिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का संबंध केवल नौकरी प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा मानव का सर्वांगीण विकास करती है और व्यक्ति को बेहतर नागरिक बनाती है। समारोह में शिक्षाविद आसिम वकार, प्रो. शाहिस्ता कुरैशी, नगरपालिका बिसाऊ अध्यक्ष सलमा सैय्यद एवं मुफ्ती जहीर कासमी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
वक्ताओं ने समाज में शिक्षा के प्रसार, बालिका शिक्षा, युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने तथा सामाजिक एकता को मजबूत बनाने पर जोर दिया। सोसायटी सचिव बिलाल खोकर ने संस्था की स्थापना, उद्देश्यों, सामाजिक सरोकारों एवं अब तक किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि संस्था शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और समाज में शैक्षिक जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
सोसायटी की ओर से मोहसिन कुरैशी ने बताया कि प्रतिभा सम्मान समारोह में एक कुरआन हाफिज, सात चिकित्सकों, राजकीय सेवा में चयनित प्रतिभा, स्नातक, स्नातकोत्तर, शिक्षा स्नातक, पैरामेडिकल कोर्स तथा दसवीं एवं बारहवीं कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कुरैश समाज के नवनिर्वाचित पार्षदों, उपाध्यक्ष एवं अध्यक्षों का भी सम्मान किया गया।
झुंझुनूं जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग एवं विशिष्ट अतिथियों ने कुल 200 प्रतिभाओं को प्रमाण पत्र एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त करने पर विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों में उत्साह देखने को मिला। समारोह में मंडावा, बिसाऊ, मुकुंदगढ़, नवलगढ़, डूंडलोद, चिड़ावा, खेतड़ी, सुल्ताना, बबाई, नंगली, केड़, जाखल, मलसीसर, नुआं, झुंझुनूं एवं गुढ़ा सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभावान विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक शामिल हुए। समारोह ने जिलेभर की प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने के साथ शिक्षा के प्रति समाज में सकारात्मक संदेश दिया।
इस अवसर पर सोसायटी के इमरान बड़गुजर, जावेद हुसैन सैय्यद, वसीम अकरम, मोहम्मद हारून, शेर मोहम्मद, पार्षद मुमताज कबाड़ी, हाजी आमीन शबाब, जुल्फिकार खोकर, पार्षद इरफान कबाड़ी, पार्षद महमूद सैय्यद, शफी नागौरी, यूसुफ तंवर, मुबारिक पहाड़ियान, रहमान सैय्यद, सलीम सैय्यद, इस्माइल तंवर, उमर, रफीक कबाड़ी, लतीफ कबाड़ी, हाजी हाशिम, अब्दुल्लाह, शफी मोहम्मद, हाजी इस्हाक, रिजवान बहलीम, आदिल कबाड़ी, फारुक, नफीस मंडेलिया, शरीफ जाखल, इकबाल खत्री, गुलजार खान, डॉ. डीएन तुलस्यान, राजेन्द्र जोशी, उस्मान खोकर, आरिफ बबाई, अनवर कबाड़ी एवं रफीक सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सोसायटी अध्यक्ष उमर कुरैशी ने दूर-दराज से पधारे अतिथियों, प्रतिभावान विद्यार्थियों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी भामाशाहों, सहयोगियों एवं सोसायटी सदस्यों का भी शुक्रिया अदा किया। कार्यक्रम का सफल संचालन संस्थापक संरक्षक अब्दुल मजीद कुरैशी ने किया तथा मुफ्ती जहीर कासमी की दुआ के साथ समारोह का समापन हुआ।















