जन्मदिन पर 1782 यूनिट रक्तदान कर बांटी जिंदगी की खुशियां, रक्तदाताओं के उत्साह ने बनाया यादगार आयोजन, नौ ब्लड बैंक टीमों ने किया रक्त संग्रहण, महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर निभाई भागीदारी
नवलगढ़।झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जन्मदिन पर खुशियां मनाने के कई तरीके होते हैं, लेकिन यदि किसी के जन्मदिन की खुशी किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने का माध्यम बन जाए तो इससे बड़ा उपहार और क्या हो सकता है। नवलगढ़ में शनिवार को कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। पूर्व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजकुमार शर्मा के जन्मदिन पर केक और उपहारों से बढ़कर मानव सेवा को प्राथमिकता दी गई। सेवाज्योति मोरारका अस्पताल परिसर में आयोजित विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 1782 यूनिट रक्त संग्रहित कर जन्मदिन को जीवनदान के महोत्सव में बदल दिया गया।
युवा विकास मंच के बैनर तले आयोजित शिविर में सुबह से ही रक्तदान करने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। नौ ब्लड बैंक टीमों ने सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक रक्त संग्रहण किया। युवाओं में रक्तदान को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंची सैकड़ों महिलाओं ने भी रक्तदान कर सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल पेश की। शिविर में एकत्रित रक्त उन जरूरतमंद मरीजों के लिए उम्मीद बनेगा, जिन्हें समय पर रक्त उपलब्ध नहीं हो पाता।
नगरपालिका चेयरमैन माया रिछपाल सैनी ने बताया कि युवा विकास मंच के आह्वान पर क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। मंच के कार्यकारी अध्यक्ष मिथुन सबल ने बताया कि शिविर में कुल 1782 लोगों ने रक्तदान किया। डॉ. राजकुमार शर्मा के भाई एवं कांग्रेस प्रदेश महासचिव डॉ. राजपाल शर्मा तथा भतीजे डॉ. भारत भूषण शर्मा ने भी रक्तदान कर इस पुनीत अभियान में सहभागिता निभाई।
पूर्व मंत्री डॉ. राजकुमार शर्मा ने कहा कि युवाओं के जोश और आमजन के सहयोग ने रक्तदान शिविर को महोत्सव बना दिया। यह रक्त जरूरतमंद पीड़ितों के लिए जीवनदान का काम करेगा। विशाल रक्तदान शिविर से नवलगढ़, सीकर, जयपुर और झुंझुनूं क्षेत्र के मरीजों को रक्त के अभाव में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह सब आमजन के अपार स्नेह और आशीर्वाद से ही संभव हुआ है।
जन्मदिन पर मांगा अनूठा उपहार , अफवाहों से दूर रहने की अपील
डॉ. राजकुमार शर्मा ने जन्मदिन पर नवलगढ़ क्षेत्र के लोगों से विशेष उपहार मांगते हुए कहा कि क्षेत्र में अफवाहें फैलाने वालों की बातों पर विश्वास नहीं करें। आमजन को भ्रमित करने के प्रयासों से सावधान रहें और किसी भी सूचना की सत्यता जाने बिना उस पर भरोसा नहीं करें। उन्होंने कहा कि जनता को भ्रमित करने वालों को करारा जवाब देने की जरूरत है। शिविर का विशेष आकर्षण ग्रामीण क्षेत्रों से आई महिलाओं की भागीदारी रही।
बड़ी संख्या में महिलाओं ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। शिविर स्थल पर महिलाओं ने स्थानीय लोकगीत और मंगल गीत गाकर आयोजन को सामाजिक और सांस्कृतिक रंग भी दिया। सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। शिविर में डॉ. राजकुमार शर्मा, डॉ. राजपाल शर्मा, युवराज शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया और आयोजन में सहयोग किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केक काटकर, गदा-जेळी भेंटकर तथा साफा और फूलमालाएं पहनाकर डॉ. राजकुमार शर्मा का जन्मदिन मनाया। बड़ी संख्या में पहुंचे समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने गुलदस्ते भेंटकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। नवलगढ़ में आयोजित इस रक्तदान शिविर ने जन्मदिन मनाने का एक सार्थक संदेश दिया। यहां असली उत्सव केक काटने या उपहार देने में नहीं, बल्कि किसी अनजान जरूरतमंद के जीवन को बचाने के संकल्प में दिखाई दिया। 1782 यूनिट रक्त के रूप में मिली यह सौगात कई परिवारों के लिए जिंदगी की नई उम्मीद बन सकती है।














