बिना रजिस्ट्रेशन और दस्तावेजों के चलते मिले वाहन; वरावल चौराहा-दुदनी मार्ग पर चेकिंग अभियान, मोरी टेशन क्षेत्र में भी जारी रहेगी कार्रवाई
बाली । पाली । प्रहलाद सिंह
जवाई क्षेत्र में परिवहन विभाग ने सफारी वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई की। जिला परिवहन अधिकारी अनूप चौधरी के निर्देश पर RTO पारस गेहलोत और परिवहन निरीक्षक शिवलाल मीणा ने वरावल चौराहा-दुदनी मार्ग पर वाहनों की जांच की।
चेकिंग अभियान के दौरान कुल 6 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 4 वाहनों में कमियां पाई गईं। जांच में कई वाहन बिना रजिस्ट्रेशन और आवश्यक दस्तावेजों के संचालित होते मिले। कार्रवाई के दौरान RTO टीम को देखकर कुछ वाहन चालक अपने वाहन वापस मोड़कर भागते नजर आए।
ड्राइविंग लाइसेंस और परमिट की हो रही जांच
RTO पारस गेहलोत और परिवहन निरीक्षक शिवलाल मीणा ने बताया कि जिप्सी सफारी क्षेत्र में यह चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। दुदनी और मोरी टेशन क्षेत्र में भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान के तहत सफारी जीपों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन रजिस्ट्रेशन, टैक्सी परमिट और वाहनों की स्थिति की जांच की जा रही है। साथ ही वाहन चालकों को परिवहन नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी जा रही है।















