Advertisement
Home राजस्थान पाली 11वें प्रतिभा सम्मान समारोह को भव्य बनाने का संकल्प, सूचना पत्रक का...

11वें प्रतिभा सम्मान समारोह को भव्य बनाने का संकल्प, सूचना पत्रक का किया विमोचन

देसूरी में श्री मारवाड़ मेघवाल सेवा संस्थान की बैठक में 11वें प्रतिभा सम्मान समारोह के सूचना पत्रक का विमोचन करते पदाधिकारी

27 दिसंबर 2026 को होगा समारोह; डॉ. पुरुषोत्तम मेघवाल को अतिथि के रूप में आमंत्रित करने का निर्णय, रमेश भाटी बने समारोह संयोजक

देसूरी।पाली । प्रहलाद सिंह
श्री मारवाड़ मेघवाल सेवा संस्थान की देसूरी शाखा की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को सुथारों का गुड़ा के निकट सुरवाणिया मगरी स्थित देलवाड़ा देवी मंदिर परिसर के मेघवाल समाज भवन में आयोजित हुई। बैठक में संस्थान के 11वें प्रतिभा सम्मान समारोह की तैयारियों पर चर्चा की गई तथा समारोह से संबंधित सूचना पत्रक का विमोचन किया गया। विमोचित पत्रक देसूरी क्षेत्र के सभी गांवों में वितरण के लिए रवाना किए गए।

कार्यकारी अध्यक्ष मांगीलाल गहलोत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संस्थान के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और ग्राम प्रभारियों ने भाग लिया। बैठक में आगामी 27 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाले प्रतिभा सम्मान समारोह को भव्य एवं सफल बनाने का संकल्प लिया गया।

डॉ. पुरुषोत्तम मेघवाल होंगे अतिथि

बैठक में भोपाल स्थित मेघवाल आईएएस क्लासेज के संचालक डॉ. पुरुषोत्तम मेघवाल को समारोह में अतिथि के रूप में आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया। वहीं व्याख्याता रमेश भाटी को समारोह संयोजक मनोनीत किया गया। इस अवसर पर समारोह के लिए आर्थिक सहयोग की घोषणाएं की गईं तथा सहयोगकर्ताओं का माला पहनाकर स्वागत किया गया।

सदस्यता अभियान को गति देने पर जोर

बैठक में सदस्यता अभियान को गति देने और अधिकाधिक समाजबंधुओं को संस्थान से जोड़ने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने पर विचार-विमर्श किया गया। पूर्व में घोषित भामाशाहों और शेष घोषणाओं पर भी चर्चा हुई तथा नए सहयोग का स्वागत किया गया।

पदाधिकारियों ने सभी कार्यकर्ताओं एवं ग्राम प्रभारियों से समारोह की तैयारियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने-अपने गांवों में सूचना पत्रक वितरित कर अधिकाधिक समाजबंधुओं तक जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया।  बैठक के अंत में संस्थान के सचिव भूराराम मोबारसा एवं कोषाध्यक्ष नेमाराम राठौड़ ने उपस्थित पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और भामाशाहों का आभार व्यक्त किया।

Advertisement