Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं अधिवक्ताओं के सहयोग से गति पकड़ेगा ‘कंज्यूमर्स वॉइस न्यायोत्सव-2’ , 750 मामलों...

अधिवक्ताओं के सहयोग से गति पकड़ेगा ‘कंज्यूमर्स वॉइस न्यायोत्सव-2’ , 750 मामलों के निस्तारण का लक्ष्य

झुंझुनूं जिला उपभोक्ता आयोग द्वारा 101 दिवसीय कंज्यूमर्स वॉइस न्यायोत्सव-2 के तहत 750 मामलों के निस्तारण के लिए अधिवक्ताओं से सहयोग की अपील।

जिला उपभोक्ता आयोग ने जिले की सभी अभिभाषक संस्थाओं को भेजे पत्र, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण और आपसी सहमति से विवाद सुलझाने पर रहेगा जोर


झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
उपभोक्ताओं को त्वरित न्याय दिलाने और लंबे समय से लंबित मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए जिला उपभोक्ता आयोग झुंझुनूं की ओर से संचालित 101 दिवसीय ‘कंज्यूमर्स वॉइस न्यायोत्सव-2’ को सफल बनाने के लिए विशेष पहल की जा रही है। आयोग ने इस अभियान के तहत 750 प्रकरणों एवं प्रार्थना पत्रों के निस्तारण का लक्ष्य निर्धारित किया है। लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अब अधिवक्ताओं और अभिभाषक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

इसी क्रम में जिला अभिभाषक संस्था झुंझुनूं सहित नवलगढ़, उदयपुरवाटी, खेतड़ी, बुहाना, सूरजगढ़, पिलानी एवं चिड़ावा की अभिभाषक संस्थाओं के अध्यक्ष एवं सचिव को पत्र भेजकर न्यायोत्सव में सक्रिय सहयोग की अपील की गई है। इसके साथ ही संबंधित लंबित प्रकरणों के पक्षकारों के अधिवक्ताओं को व्यक्तिगत सूचना पत्र भी भेजे जा रहे हैं, ताकि पक्षकारों के स्तर पर लंबित आवश्यक विधिक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूरी हो और पुराने मामलों के निस्तारण का रास्ता साफ हो सके।

लंबित मामलों के निस्तारण में अब नहीं होगी अनावश्यक देरी

जिला आयोग अध्यक्ष मनोज कुमार मील ने बताया कि आयोग के संज्ञान में आया है कि अनेक प्रकरणों में पक्षकारों अथवा उनके प्रतिनिधियों के स्तर पर आवश्यक विधिक कार्रवाई लंबे समय से लंबित है। इसके कारण इन मामलों का अंतिम निस्तारण नहीं हो पा रहा है। ऐसे प्रकरणों में पूर्व में राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान पक्षकारों को 15 दिवस के भीतर अपने स्तर की आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समयावधि पूरी होने के बाद अब इन मामलों का भी उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि न्यायोत्सव के दौरान पुराने लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता देते हुए 750 प्रकरणों एवं प्रार्थना पत्रों के निस्तारण का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए आयोग की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

अधिवक्ताओं, अभिभाषक संस्थाओं और पक्षकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर इस अभियान को प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी बनाया जाएगा। आयोग सदस्य प्रमेंद्र कुमार सैनी के नेतृत्व में प्रत्येक कार्य दिवस पर न्याय टेबल पर काउंसलिंग की जाएगी। इसमें पक्षकारों को आपसी समझाइश और सहमति के आधार पर विवादों का समाधान करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। विशेष रूप से राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से परिवादों एवं प्रार्थना पत्रों का आपसी सहमति से निस्तारण करवाने पर जोर रहेगा, जिससे उपभोक्ताओं को शीघ्र राहत मिल सके और लंबित मामलों का बोझ कम हो।

‘त्वरित न्याय-आपके हाथ’ की भावना के साथ आयोजित इस न्यायोत्सव में आयोग ने पक्षकारों से सुनवाई के दौरान उपस्थित रहने तथा अपने स्तर पर आवश्यक विधिक कार्रवाई समय पर पूरी करने की अपील की है। आयोग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को अनावश्यक विलंब से मुक्ति दिलाकर त्वरित एवं प्रभावी न्याय उपलब्ध कराना है। आयोग का विश्वास है कि अभिभाषक संस्थाओं, अधिवक्ताओं और पक्षकारों की सामूहिक सहभागिता एवं सकारात्मक सहयोग से 101 दिवसीय ‘कंज्यूमर्स वॉइस न्यायोत्सव-2’ के तहत निर्धारित 750 प्रकरणों एवं प्रार्थना पत्रों के निस्तारण का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।

Advertisement