चूरू के सिद्धमुख थाने का 5 हजार रूपए का इनामी आरोपी पिलानी पुलिस ने पकड़ा , बदल रहा था लगातार ठिकाने


पिलानी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
पुलिस थाना पिलानी ने वांछित अपराधियों एवं इनामी बदमाशों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए चूरू जिले के सिद्धमुख थाने के छह साल से फरार चल रहे 5 हजार रूपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। दीपावली पर्व पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने उसे संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए पकड़ा।
रिकॉर्ड सत्यापन और पूछताछ में उसकी छह साल पुरानी फरारी का खुलासा हुआ। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा चिड़ावा वृत्ताधिकारी गौरव गुर्जर के सुपरविजन में पिलानी थानाधिकारी श्रीमती अलका विश्नोई के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर 2026 को दीपावली पर्व के मद्देनजर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान महिपाल पुत्र शिवप्रसाद निवासी देवरोड़ को संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए पाया गया। पुलिस ने उसे शांतिभंग के आरोप में निरुद्ध कर उसके रिकॉर्ड का सत्यापन किया।
इस दौरान सामने आया कि महिपाल थाना सिद्धमुख, जिला चूरू के एक प्रकरण में पिछले छह वर्षों से फरार चल रहा था। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। उसकी लंबी फरारी और आपराधिक प्रकरण में संलिप्तता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चूरू की ओर से उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रूपए का नकद इनाम घोषित किया गया था। पिलानी पुलिस ने आरोपी के पकड़े जाने की सूचना सिद्धमुख थाना पुलिस को दी है।
प्रकरण में अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए आरोपी को सिद्धमुख पुलिस के सुपुर्द किया जा रहा है। कार्रवाई में पिलानी थानाधिकारी अलका विश्नोई के नेतृत्व में कांस्टेबल प्रवीण कुमार एवं कांस्टेबल महीपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही । पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में विभिन्न थानों में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज रहे हैं।
इनमें पिलानी थाने का वर्ष 2016 का प्रकरण, बगड़ थाने का प्रकरण, झुंझुनूं कोतवाली का वर्ष 2013 का मामला, जयपुर पश्चिम के भांकरोटा थाने का वर्ष 2022 का प्रकरण तथा पिलानी एवं सिद्धमुख थानों में आबकारी अधिनियम से जुड़े मामले शामिल हैं। पिलानी पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपी की गिरफ्तारी संभव हुई है।
















