Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं ‘एक राष्ट्र, एक वोट’ पर युवाओं ने रखे बेबाक विचार, सोनिया सैनी...

‘एक राष्ट्र, एक वोट’ पर युवाओं ने रखे बेबाक विचार, सोनिया सैनी ने मारी बाजी

झुंझुनूं में विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट के दौरान ‘एक राष्ट्र, एक वोट’ विषय पर विचार प्रस्तुत करते युवा प्रतिभागी और सम्मानित विजेता

विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट में लोकतंत्र , चुनावी प्रक्रिया और राष्ट्र निर्माण पर हुई सार्थक चर्चा, सोनाक्षी द्वितीय और समीर अली रहे तृतीय स्थान पर

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
लोकतंत्र की मजबूती, चुनावी व्यवस्था में सुधार और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर युवाओं ने अपनी विचारशक्ति और तर्क क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत, झुंझुनूं की ओर से राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सहयोग से सेठ नेतराम मघराज टिबड़ेवाल राजकीय कन्या महाविद्यालय में विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया गया।झुंझुनूं में विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट के दौरान ‘एक राष्ट्र, एक वोट’ विषय पर विचार प्रस्तुत करते युवा प्रतिभागी और सम्मानित विजेता

इसमें विद्यार्थियों ने ‘एक राष्ट्र, एक वोट’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनावी प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर सारगर्भित चर्चा की। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने विषय के पक्ष-विपक्ष में अपने तर्क रखते हुए बताया कि लोकतंत्र में युवाओं की जागरूकता, सक्रिय भागीदारी और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता बेहद आवश्यक है। वक्ताओं ने चुनावी व्यवस्था, लोकतांत्रिक परंपराओं और देश के विकास में युवाओं की भूमिका को लेकर अपने विचार रखे।

प्रतियोगिता में सोनिया सैनी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बाजी मारी। सोनाक्षी द्वितीय तथा समीर अली तृतीय स्थान पर रहे। जिला युवा अधिकारी मधु यादव ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को संसदीय प्रक्रिया, लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्था की समझ विकसित करने के साथ उन्हें राष्ट्रहित के मुद्दों पर स्वतंत्र एवं तार्किक ढंग से विचार व्यक्त करने का मंच प्रदान करना है। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में कोषाधिकारी प्रेरणा कालेर एवं वरिष्ठ लेखाधिकारी, कलेक्ट्रेट प्रियंका लाम्बा उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. मनोज कुल्हार ने की। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला समन्वयक डॉ. शशिप्रकाश अहलावत, सहायक आचार्य डॉ. विकास भड़िया, डॉ. सुरेंद्र कुमार एवं इंदिरा सैनी शामिल रहे। मंच संचालन डॉ. सुनीता ने किया। आयोजन को सफल बनाने में माय भारत कार्यालय के लेखाकार वर्षा सुईवाल, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक विक्रम सिंह, सुदेश, नवीन कालेर, पूजा, अनुराग एवं संजय जांगिड़ ने सक्रिय भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूक रहने, संवैधानिक मूल्यों को समझने तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।

Advertisement