Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं स्काउट-गाइड संगठन को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, 10 रूपए के फ्लैग स्टीकर...

स्काउट-गाइड संगठन को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, 10 रूपए के फ्लैग स्टीकर का जिला कलेक्टर अरूण गर्ग ने किया विमोचन

झुंझुनूं जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग स्काउट-गाइड फ्लैग स्टीकर का विमोचन करते हुए

कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग बोले- पंचायत चुनावों में स्काउट-गाइड की भूमिका सराहनीय , आमजन और भामाशाहों से सहयोग की अपील

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड संगठन को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में नई पहल की गई है। भारत स्काउट एवं गाइड राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली की ओर से 10 रूपए मूल्य का स्काउट-गाइड फ्लैग स्टीकर बिक्री के लिए जारी किया गया है। इसका विमोचन शुक्रवार को जिला कलक्टर एवं जिला संरक्षक स्काउट डॉ. अरूण गर्ग ने जिला कलक्टर सभागार में किया। कार्यक्रम में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला मुख्य आयुक्त अशोक कुमार शर्मा तथा जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक शिक्षा एवं जिला कमिश्नर स्काउट राजेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।

सीओ स्काउट महेश कालावत ने बताया कि कार्यक्रम की शुरूआत में जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र कुमार ने स्काउट स्कार्फ पहनाकर जिला कलक्टर का स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों ने संयुक्त रूप से फ्लैग स्टीकर का विमोचन किया। इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने स्काउट एवं गाइड संगठन की गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों की सराहना करते हुए कहा कि संगठन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं।

विशेष रूप से पंचायत चुनावों के दौरान स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों की सेवाएं सराहनीय रही हैं। उन्होंने संगठन के प्रयासों को समाज के लिए उपयोगी बताते हुए आर्थिक आत्मनिर्भरता की इस पहल में अधिकाधिक लोगों की भागीदारी का आह्वान किया। स्टीकर की बिक्री के माध्यम से प्राप्त राशि संगठन की गतिविधियों को आर्थिक मजबूती प्रदान करने में सहायक होगी। इसके लिए जिला कलक्टर एवं शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षण संस्थाओं के माध्यम से आमजन, भामाशाहों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सहयोग करने की अपील की गई है।

कार्यक्रम में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार शर्मा ने जिला कलक्टर का आभार व्यक्त किया। वहीं सीओ स्काउट महेश कालावत ने जिला कलक्टर सहित उपस्थित अधिकारियों को फ्लैग स्टीकर लगाकर इस अभियान में आर्थिक सहयोग प्राप्त किया। इस दौरान सहायक निदेशक शिक्षा विभाग कपिल कुमार, स्काउट प्रभारी अमरचंद, रोहित मील सहित अन्य अधिकारी एवं स्काउट पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement