1037 वोट हासिल कर बनीं सरपंच , तीनों बूथों पर मिला मतदाताओं का समर्थन , जीत के बाद ग्रामीणों का जताया आभार , विकास और जनसेवा का लिया संकल्प


झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
ग्राम पंचायत चिंचड़ोली में सरपंच पद के चुनाव में मीरा देवी पत्नी सुरेंद्र कुमार ने शानदार जीत दर्ज कर गांव की नई सरपंच बनने का गौरव हासिल किया है। मतगणना में मीरा देवी ने कुल 1037 मत प्राप्त कर अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी आशा को 617 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। उनकी इस जीत से समर्थकों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। चुनाव परिणाम ने पंचायत में मीरा देवी के प्रति ग्रामीणों के व्यापक समर्थन को भी प्रदर्शित किया है।
मतगणना के आंकड़ों के अनुसार ग्राम पंचायत के तीन बूथों पर कुल 2080 मतों की गणना हुई। इनमें मीरा देवी को सर्वाधिक 1037 मत मिले। दूसरे स्थान पर रही आशा को 420, सुमन देवी को 335 तथा अनिता देवी को 267 मत प्राप्त हुए। वहीं नोटा के पक्ष में 2 मत पड़े, जबकि 19 मत खारिज किए गए। मीरा देवी को बूथ संख्या 36 पर 420, बूथ संख्या 37 पर 423 तथा बूथ संख्या 38 पर 194 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार तीनों बूथों से मिले समर्थन के आधार पर उन्होंने 617 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
जीत के बाद नवनिर्वाचित सरपंच मीरा देवी ने ग्राम पंचायत चिंचड़ोली के समस्त मतदाताओं, मातृशक्ति, बुजुर्गों और युवा साथियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे गांव के विश्वास, सहयोग और सामूहिक प्रयासों की जीत है। ग्रामीणों ने जिस भरोसे और उम्मीद के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगी।
नवनिर्वाचित सरपंच मीरा देवी ने कहा कि ग्राम पंचायत का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता रहेगा। गांव में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार, सड़क, नाली, स्वच्छता, पेयजल एवं अन्य जनसमस्याओं का समाधान करवाने के लिए प्राथमिकता से प्रयास किए जाएंगे। पंचायत के प्रत्येक गांव-ढाणी और प्रत्येक वर्ग की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों में जनभागीदारी और पारदर्शिता को महत्व दिया जाएगा।
इधर, नवनिर्वाचित सरपंच मीरा देवी की जीत पर समर्थकों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों ने उन्हें एवं उनके पति सुरेंद्र कुमार को बधाई देकर उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि नई नवनिर्वाचित सरपंच मीरा देवी के नेतृत्व में ग्राम पंचायत चिंचड़ोली में विकास कार्यों को गति मिलेगी और गांव विकास की नई दिशा में आगे बढ़ेगा।












