22 ग्राम पंचायतों में सरपंच चुनाव के लिए उमड़े मतदाता, भैसावता खुर्द में पत्थर लगने से युवक घायल, खानपुर में टेंट उखाड़ने की घटना , पुलिस ने संभाला मोर्चा


सिंघाना ।झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
सिंघाना पंचायत समिति क्षेत्र की 22 ग्राम पंचायतों में शुक्रवार को सरपंच पद के लिए मतदान संपन्न हुआ। लोकतंत्र के इस उत्सव में मतदाताओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। क्षेत्र में कुल 76.48 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
हालांकि, मतदान के दौरान कुछ स्थानों पर चुनावी सरगर्मी तनाव में बदल गई। भैसावता खुर्द और खानपुर ग्राम पंचायतों में सरपंच प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच भिड़ंत और विवाद की घटनाएं सामने आईं, वहीं मोई भारू में फर्जी मतदान के आरोपों को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। घटनाओं की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
भैसावता खुर्द में पत्थर लगने से युवक घायल
भैसावता खुर्द ग्राम पंचायत में सरपंच प्रत्याशियों के समर्थक आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों के बीच हुई भिड़ंत के दौरान भैसावता कलां निवासी सत्यवीर सिंह के सिर में पत्थर लगने से चोट आई। घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया।
खानपुर में समर्थकों के बीच तनातनी, टेंट उखाड़ा
खानपुर ग्राम पंचायत में भी सरपंच प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तनातनी बढ़ गई। इस दौरान टेंट उखाड़ने की घटना भी सामने आई। घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
मोई भारू में फर्जी मतदान के आरोप, ग्रामीणों ने जताया आक्रोश
मोई भारू ग्राम पंचायत में फर्जी वोट डालने के आरोपों को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। मतदान केंद्र पर इस मुद्दे को लेकर आक्रोश का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए अपनी आपत्ति दर्ज कराई। हालांकि, फर्जी मतदान के आरोपों की पुष्टि के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई। मतदान के दौरान सामने आई घटनाओं की सूचना पर खेतड़ी नगर थानाधिकारी राकेश कुमार, सीआई सुगन सिंह और रिजर्व पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थलों का जायजा लेते हुए स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए।
संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाकर शांति व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया।वहीं, रिटर्निंग अधिकारी बाबूलाल बिजारणियां ने भी मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मतदान के दौरान कुछ स्थानों पर विवाद और तनाव की घटनाओं के बावजूद प्रशासन एवं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभालने का प्रयास किया।
कुल मिलाकर सिंघाना पंचायत समिति क्षेत्र में 76.48 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अब सभी की निगाहें चुनाव परिणामों पर टिकी हैं, जिनसे ग्राम पंचायतों की नई सरकार की तस्वीर साफ होगी।














