Advertisement
Home Uncategorized बुहाना के युवक ने हरियाणा में की लाखों की चोरी , पुलिस...

बुहाना के युवक ने हरियाणा में की लाखों की चोरी , पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

भांखरी गांव में दो मकानों से सोने-चांदी के आभूषण और 2.78 लाख की नकदी पार , महेंद्रगढ़ क्षेत्र में 5 से 7 वारदातों में संलिप्तता की आशंका

बुहाना । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
झुंझुनूं जिले के बुहाना थाना क्षेत्र के एक युवक को हरियाणा पुलिस ने चोरी के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर हरियाणा के नारनौल क्षेत्र के भांखरी गांव में दो मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रूपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी की थी। पुलिस ने मामले में बुहाना थाना क्षेत्र के गोपालपुरा निवासी अश्विनी और दूसरे आरोपी बबलू उर्फ नवीन को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों के महेंद्रगढ़ क्षेत्र में चोरी की अन्य वारदातों में भी शामिल होने की बात सामने आई है।

डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण ने बताया कि भांखरी गांव निवासी हनुमान प्रसाद और सतीश कुमार ने थाना सदर नारनौल में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार 28 और 29 अगस्त की मध्यरात्रि को अज्ञात चोरों ने उनके मकानों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोर मकानों से सोने-चांदी के आभूषण और 2 लाख 78 हजार रूपये की नकदी चोरी कर ले गए थे। चोरी हुए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रूपये बताई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

डोहर कलां से पकड़ा पहला आरोपी, कोटपुतली से दूसरा गिरफ्तार

मामले की जांच के दौरान थाना सदर नारनौल पुलिस ने बुहाना थाना क्षेत्र के गोपालपुरा निवासी अश्विनी को डोहर कलां गांव के क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। इसके बाद जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम ने दूसरे आरोपी बबलू उर्फ नवीन को कोटपुतली से गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी भारत भूषण के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने महेंद्रगढ़ क्षेत्र में मिलकर करीब 5 से 7 चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात बताई है।

पुलिस इन वारदातों के संबंध में आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और सामने आए तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ राजस्थान में पहले भी चोरी सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। अश्विनी के खिलाफ सिंघाना और बुहाना थानों में कुल चार मामले, जबकि बबलू उर्फ नवीन के खिलाफ इन्हीं थानों में कुल तीन मामले दर्ज बताए गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

साथ ही भांखरी गांव से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों और नकदी की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।

Advertisement