शहीद स्मारक पर गुरूकुल के विद्यार्थियों ने दीपमाला से उकेरा हेल्पलाइन नंबर 1915 और सीपीए-40, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा रहे मुख्य अतिथि


झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
दीपावली पर दीपों की रोशनी के बीच उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश भी जगमगाया। जिला मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक पर शाम को ‘एक दीपक उपभोक्ता अधिकारों के नाम’ अभियान के तहत दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें इंदोरिया गुरूकुल, देरवाला के विद्यार्थियों ने दीप जलाकर आमजन को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा मुख्य अतिथि रहे। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार मील ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है।
दीपमाला से लिखा 1915 और सीपीए-40
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने दीपमाला सजाकर राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन का नंबर 1915 और उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के 40 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सीपीए-40 लिखा। दीपों से सजे इन अंकों और अक्षरों के माध्यम से लोगों को उपभोक्ता अधिकारों की जानकारी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर हेल्पलाइन की सहायता लेने का संदेश दिया गया। दीपावली के अवसर पर आयोजित इस अनूठी पहल ने त्योहार की रोशनी को जनजागरूकता से जोड़ने का काम किया।
पक्का बिल लेना उपभोक्ता का अधिकार
आयोग अध्यक्ष मनोज कुमार मील ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को खरीदारी करते समय पक्का बिल अवश्य लेना चाहिए। बिल खरीद का महत्वपूर्ण प्रमाण होता है। वस्तु की गुणवत्ता में कमी, अनुचित व्यापार व्यवहार या किसी अन्य विवाद की स्थिति में यह उपभोक्ता के हितों की रक्षा करने में मददगार साबित होता है। पक्का बिल लेने से व्यापार में पारदर्शिता बढ़ती है और उपभोक्ता अपने अधिकारों के लिए प्रभावी ढंग से आवाज उठा सकता है।उन्होंने आमजन से अपील की कि खरीदारी के दौरान पक्का बिल लेने की आदत अपनाएं तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके महत्व के बारे में जागरूक करें।
पांच लाख लोगों को जागरूक करने का लक्ष्य
अभियान के तहत पांच लाख लोगों को उपभोक्ता जागरूकता का संकल्प दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके माध्यम से आमजन को उपभोक्ता अधिकारों, जिम्मेदारियों और शिकायत निवारण के उपलब्ध माध्यमों की जानकारी देने का प्रयास किया जाएगा। आयोग अध्यक्ष ने कहा कि जागरूक उपभोक्ता अपने हितों की रक्षा करने के साथ पारदर्शी व्यापार व्यवस्था को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मनोज कुमार मील ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में जागरूक और जिम्मेदार नागरिकों की अहम भूमिका होगी। अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझने वाले नागरिक देश की प्रगति में सार्थक योगदान देते हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की भागीदारी के जरिए नई पीढ़ी तक जागरूकता का संदेश पहुंचाने पर जोर दिया गया, ताकि बच्चे अपने परिवार और समाज को भी उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक कर सकें।
शहीद स्मारक पर दीपमाला से उकेरे गए 1915 और सीपीए-40 आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहे। विद्यार्थियों ने दीपों के माध्यम से संदेश दिया कि दीपावली पर घरों को रोशन करने के साथ समाज में जागरूकता की ज्योत जलाना भी जरूरी है।













