फोर्थ फेज स्थित सारड़ा बायो पॉलिमर्स फैक्ट्री में हादसा, दो मजदूर लापता; दमकल की 8 गाड़ियों ने 55 फेरे लगाकर आग पर पाया काबू
पाली। प्रहलाद सिंह चारण
शहर के औद्योगिक थाना क्षेत्र के फोर्थ फेज में स्थित सारड़ा बायो पॉलिमर्स ग्वार-गम फैक्ट्री में रविवार रात करीब 11:30 बजे भीषण आग लग गई। हादसे में तीन मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि दो मजदूरों के फैक्ट्री के अंदर फंसे होने की सूचना है। आग पर काबू पाने के बाद लापता मजदूरों की तलाश के लिए मलबा हटाने का काम जारी रहा।
लिफ्ट में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में रात की शिफ्ट में 17 मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान जिस हिस्से में काम चल रहा था, वहां लिफ्ट में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका जताई गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग लगते ही मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ मजदूर जलते कपड़ों के साथ बचाव के लिए चिल्लाते हुए बाहर निकले।
हादसे के दौरान 12 मजदूर बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। वहीं, विक्की (19), अवधेश कुमार (40) और राजू (28) फैक्ट्री से बाहर आने के बाद अचेत हो गए। तीनों मजदूर करीब 70 प्रतिशत तक झुलस गए हैं।
गंभीर हालत में जोधपुर रेफर
घायल मजदूरों को तत्काल बांगड़ अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जोधपुर रेफर कर दिया गया।
दमकल की 8 गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
आग की सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दमकल की आठ गाड़ियों ने कुल 55 फेरे लगाकर आग बुझाने में सहयोग किया।फैक्ट्री में रखे गैस के बड़े सिलेंडर आग प्रभावित हिस्से से दूर होने के कारण बड़ा हादसा टलने की बात सामने आई है।
दो मजदूरों की तलाश जारी
हादसे के बाद दो मजदूरों के फैक्ट्री के अंदर फंसे होने की सूचना है। उनकी तलाश के लिए मलबा हटाया जा रहा है। आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।












