Advertisement
Home चूरू तारानगर सरपंच चुनाव की जिद में खूनी संघर्ष! तारानगर के चंगोई में पिता...

सरपंच चुनाव की जिद में खूनी संघर्ष! तारानगर के चंगोई में पिता पर बेटे-बहू की हत्या का आरोप

चूरू के तारानगर क्षेत्र के चंगोई गांव में दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस जांच और जब्त वाहन से जुड़ी खबर

गाड़ी से कुचलने का आरोप, रविंद्र और बहू महेंद्रा की मौत; पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लिया, वारदात में इस्तेमाल गाड़ी जब्त

तारानगर (चूरू)। चूरू जिले के तारानगर क्षेत्र के चंगोई गांव में सरपंच का चुनाव लड़ने को लेकर परिवार में चल रहा विवाद दोहरे हत्याकांड में बदल गया। आरोप है कि रामचंद्र रेपसवाल ने गाड़ी से टक्कर मारकर अपने बेटे रविंद्र और बहू महेंद्रा को कुचल दिया। घटना में दोनों की मौत हो गई। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सरपंच चुनाव लड़ने को लेकर था विवाद

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रामचंद्र सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था, जबकि उसके बेटे रविंद्र और बहू महेंद्रा इसके विरोध में थे। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले भी दोनों के बीच इस मुद्दे पर कहासुनी हुई थी।

धर्म कांटे पर विवाद के बाद वारदात

जानकारी के मुताबिक, बीती रात आरोपी के धर्म कांटे पर एक बार फिर विवाद हुआ। आरोप है कि कहासुनी के बाद रामचंद्र ने गाड़ी से अपने बेटे और बहू को टक्कर मार दी और उन्हें कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों की मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया, गाड़ी जब्त

घटना की सूचना मिलने पर तारानगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने आरोपी रामचंद्र को हिरासत में लिया है और वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी भी जब्त कर ली है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने यह गाड़ी तीन दिन पहले ही खरीदी थी।

गांव में पुलिस बल तैनात, जांच जारी

दोहरे हत्याकांड के बाद गांव में तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में सरपंच चुनाव को लेकर पारिवारिक विवाद को घटना की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, वारदात की पूरी परिस्थितियां और अन्य पहलू पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे।

Advertisement