श्रीडूंगरगढ़ और रीडी पंचायत समितियों के समन्वयक नियुक्त , संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति तैयार करने पर रहेगा फोकस
झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
राजस्थान में आगामी पंचायती राज चुनाव -2026 को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कांग्रेस प्रवक्ता यशवर्धन सिंह शेखावत को बीकानेर जिले की श्रीडूंगरगढ़ एवं रीडी पंचायत समितियों का समन्वयक नियुक्त किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से 8 अक्टूबर को जारी समन्वयकों की सूची में शेखावत को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नियुक्ति के बाद यशवर्धन सिंह शेखावत ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। वे इस दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और संगठनात्मक अनुशासन के साथ करेंगे। शेखावत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ पंचायती राज चुनावों में संगठन को मजबूत बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतंत्र की बुनियाद हैं और ग्रामीण विकास में इनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
कांग्रेस पार्टी ने हमेशा पंचायती राज संस्थाओं के सशक्तीकरण, लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण और ग्रामीण जनता की भागीदारी को प्राथमिकता दी है। शेखावत ने कहा कि श्रीडूंगरगढ़ एवं रीडी पंचायत समिति क्षेत्रों में स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर संगठन को मजबूत किया जाएगा। साथ ही, आगामी चुनावों को लेकर प्रभावी रणनीति तैयार करने और पार्टी की चुनावी तैयारियों को गति देने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता, सामूहिक प्रयास और मजबूत संगठनात्मक समन्वय के दम पर कांग्रेस पंचायती राज चुनावों में प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराएगी। शेखावत की नियुक्ति को आगामी चुनावों के मद्देनजर संगठनात्मक जिम्मेदारियों के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।












