गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली ने पुलिस पर सत्ता के दबाव में काम करने का आरोप लगाया, आगामी पंचायती राज चुनाव निष्पक्ष कराने की मांग
जयपुर। प्रदेश में नगर निकाय चुनावों के दौरान पुलिस की भूमिका को लेकर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सोमवार को पुलिस महानिदेशक (DGP) को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने चुनाव के दौरान सामने आई शिकायतों और पुलिस-प्रशासन की भूमिका को लेकर अपनी आपत्तियां पुलिस महानिदेशक के समक्ष रखीं।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि नगर निकाय चुनावों के दौरान पुलिस और प्रशासनिक तंत्र का सत्ता के दबाव में इस्तेमाल कर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने तथा जनादेश को प्रभावित करने का प्रयास किया गया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
जूली ने कहा कि आगामी पंचायती राज चुनावों में पुलिस और प्रशासन को बिना किसी राजनीतिक दबाव के निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से चुनाव प्रक्रिया संपन्न करानी चाहिए। इसी मांग को लेकर पुलिस महानिदेशक के समक्ष कांग्रेस की ओर से अपनी बात मजबूती से रखी गई है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि आगामी चुनावों में पुलिस प्रशासन की भूमिका निष्पक्ष रहे और सभी राजनीतिक दलों एवं प्रत्याशियों को समान अवसर मिले, ताकि चुनाव प्रक्रिया स्वतंत्र एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके।












