पंचायत चुनाव की तारीखों को ध्यान में रखकर होगा आयोजन , मतदान से समाज का कोई व्यक्ति वंचित न रहे — प्रदीप सैनी
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सैनी समाज कल्याण संस्थान की रविवार को संस्थान संरक्षक राजेंद्र प्रसाद सैनी की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में समाज की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले प्रतिभा सम्मान समारोह के आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। समारोह की तिथि एवं आयोजन की रूपरेखा तय करने के साथ ही आगामी पंचायत चुनावों को देखते हुए कार्यक्रम के समय निर्धारण पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में पार्षद प्रदीप कुमार सैनी ने कहा कि प्रतिभा सम्मान समारोह की तिथि तय करते समय पंचायत चुनाव की तारीखों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र का महत्वपूर्ण पर्व है और समाज का कोई भी व्यक्ति मतदान से वंचित नहीं रहना चाहिए।
इसलिए समारोह की तारीख ऐसी निर्धारित की जाए, जिससे समाजबंधु मतदान में पूरी भागीदारी निभा सकें। विचार-विमर्श के बाद समारोह की तैयारियों को आगे बढ़ाने के लिए अगली बैठक 11 अक्टूबर को कैलाश केसरी अस्पताल में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। आगामी बैठक में समारोह की तिथि, आयोजन की रूपरेखा एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है।
बैठक में अध्यापक सुरेश कुमार सैनी, महावीर प्रसाद सैनी ‘भारती’, गौरीशंकर किरोड़ीवाल, संजय सिंगोदिया, पूर्णसिंह सैनी, नेकीराम धूपिया, महावीर प्रसाद जमालपुरिया, सत्यनारायण हलकारा, पवन कुमार सैनी, सुभाष चंद्र सैनी सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।












