Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं नशे से दूर रहें युवा , स्वस्थ समाज के निर्माण में निभाएं...

नशे से दूर रहें युवा , स्वस्थ समाज के निर्माण में निभाएं भागीदारी

बबाई में सुपोषित भारत एवं नशामुक्त भारत अभियान के जागरूकता कार्यक्रम में उपस्थित लोग

बबाई में सुपोषित भारत एवं नशामुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम , पौष्टिक आहार को बताया बेहतर स्वास्थ्य का आधार

खेतड़ी।झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड के बबाई स्थित बाल संस्कार केंद्र में रविवार को सेवा भारती समिति के तत्वावधान में सुपोषित भारत एवं नशामुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचने तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम शिक्षाविद् रमाकांत तिवारी के सानिध्य एवं सेवा भारती समिति के जिलाध्यक्ष विष्णुकांत अग्रवाल की अध्यक्षता में हुआ।

कार्यक्रम में समिति के जिला मंत्री महेंद्र कुमार सैनी ने सेवा भारती की ओर से संचालित सेवा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि पूरे परिवार और सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सेवा भारती समिति के स्वास्थ्य आयाम के जिला प्रमुख डॉ. अशोक कुमार शर्मा ने स्वस्थ एवं सुपोषित जीवन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार जरूरी है। भोजन की गुणवत्ता का सीधा असर शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता और स्वास्थ्य पर पड़ता है। डॉ. शर्मा ने कहा कि हमारी रसोई ही सबसे बड़ा औषधालय है, इसलिए परिवार में पौष्टिक एवं प्राकृतिक खाद्य पदार्थों के उपयोग को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने बच्चों एवं युवाओं के खान-पान, स्वास्थ्य और दैनिक जीवनशैली को लेकर भी जागरूक किया। साथ ही नशे से होने वाले शारीरिक एवं सामाजिक नुकसान से बचने के लिए स्वस्थ आदतें अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का संचालन समिति के सह जिलामंत्री नरेश फौजी ने किया। बाल संस्कार केंद्र की शिक्षिका ललिता ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का परिचय कराया। कार्यक्रम में सेवा भारती समिति के कार्यकर्ताओं, बाल संस्कार केंद्र से जुड़े बच्चों एवं ग्रामीणों ने सहभागिता की। अंत में उपस्थित लोगों ने स्वस्थ जीवन अपनाने, नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

Advertisement