Advertisement
Home राजस्थान जयपुर ‘वोट चोरी’ के आरोप पर कांग्रेस का चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन,...

‘वोट चोरी’ के आरोप पर कांग्रेस का चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन, पुलिस ने वाटर कैनन से रोका

जयपुर में चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया

शहीद स्मारक पर सभा के बाद आयोग कार्यालय की ओर बढ़े कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता; अशोक गहलोत, गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली सहित नेताओं को हिरासत में लेकर विद्याधर नगर थाने ले गई पुलिस

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन की शुरुआत शहीद स्मारक पर आयोजित सभा से हुई। सभा के बाद कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर रवाना हुए, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झड़प हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने वाहनों में बैठाकर विद्याधर नगर थाने पहुंचाया।

गहलोत बोले—लोकतंत्र बचाने की लड़ाई

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि देश में लोकतंत्र को लेकर गंभीर स्थिति बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने के प्रयास हो रहे हैं।गहलोत ने असम में परिसीमन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वहां मनमाने परिसीमन के कारण कांग्रेस को नुकसान हुआ। उन्होंने विधानसभा और लोकसभा क्षेत्रों के परिसीमन में भी गड़बड़ी की आशंका जताई।उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से लोगों के बीच जाकर लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। गहलोत ने इसे “करो या मरो की लड़ाई” बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

डोटासरा ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर लगाए आरोप

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर SIR प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लोकतंत्र से जुड़ा गंभीर मामला मानती है।डोटासरा ने अपने संबोधन में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ बेहद कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित किया जा रहा है।डोटासरा ने कहा कि यह प्रदर्शन आंदोलन की शुरुआत है। कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर ‘वोट चोरी’ के आरोपों और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों को उठाएंगे।

टीकाराम जूली — आमजन तक पहुंचाएगें आंदोलन

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें बचा रहे हैं।उन्होंने कहा कि यह आंदोलन जन जन पहुंचाने का काम कांग्रेस पार्टी करेगी।

प्रदेशभर से जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता

प्रदर्शन में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही।वहीं, प्रदर्शन के दौरान पुलिस की बैरिकेडिंग, वाटर कैनन के इस्तेमाल और कांग्रेस नेताओं को थाने ले जाने से जयपुर में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं।

Advertisement