बाल संत हरिदास महाराज ने सुनाया भागवत महात्म्य, कथा श्रवण को उमड़े श्रद्धालु
हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
श्री गौशाला सेवा समिति, अबोहर रोड, हनुमानगढ़ जंक्शन की ओर से आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का रविवार को श्रद्धापूर्वक शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिन श्रद्धालुओं ने गौशाला परिसर में पहुंचकर बाल संत श्री हरिदास जी महाराज ऋषिकेश वाले के मुखारविंद से कथा का श्रवण किया। कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी और इसका आयोजन 3 अक्टूबर तक किया जाएगा।
प्रथम दिन कथा वाचन करते हुए बाल संत हरिदास महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मनुष्य को सद्मार्ग, संस्कार और भक्ति की ओर ले जाने का माध्यम है। कथा श्रवण से जीवन में सकारात्मक विचारों का संचार होता है तथा व्यक्ति को सत्य, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ कथा का श्रवण किया।
आयोजन समिति ने कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं धार्मिक मर्यादा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। समिति की ओर से स्पष्ट किया गया है कि कथा के दौरान किसी भी प्रकार का दान, दक्षिणा अथवा भेंट स्वीकार नहीं की जाएगी। व्यास गद्दी, पूजा-अर्चना एवं आरती के दौरान रुपये चढ़ाना भी पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा श्रद्धेय संतों के फोटो लेने, चरण स्पर्श करने तथा माला पहनाने पर भी रोक रहेगी। समिति ने श्रद्धालुओं से कथा की गरिमा एवं अनुशासन बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। गोशाला अध्यक्ष इंद्र हिसारिया ने बताया कि सात दिवसीय कथा के आगामी दिनों में भी निर्धारित समय पर कथा का आयोजन होगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण एवं आध्यात्मिक लाभ लेने का आह्वान किया।

















