जिला युवा अधिकारी मधु यादव ने युवाओं को ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग’ से जुड़ने के लिए किया प्रेरित, नशामुक्ति की दिलाई शपथ

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
मेरा युवा भारत, झुंझुनूं, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा जे.जे.टी. यूनिवर्सिटी, चुड़ेला के संयुक्त तत्वावधान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को उनके जीवन मूल्यों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनिवर्सिटी डायरेक्टर डॉ. मधु गुप्ता ने की। मुख्य वक्ता राजकुमार मोरवाल ने युवाओं से पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा संगठित होकर अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएं तो वे देश की बड़ी ताकत बन सकते हैं।
मधु यादव ने युवाओं को दिलाया विकसित भारत से जुड़ने का संदेश
जिला युवा अधिकारी मधु यादव ने युवाओं को माय भारत पोर्टल के माध्यम से संचालित ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग’ के प्रथम चरण में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभागी बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही राष्ट्र निर्माण के प्रयासों को व्यापक जनभागीदारी मिल सकती है। उन्होंने युवाओं को माय भारत की गतिविधियों से जुड़कर अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में एनएसएस कार्यक्रम प्रभारी डॉ. धनेश कुमार मीणा ने भारत सरकार द्वारा संचालित ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस दौरान सभी युवाओं को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
माय भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक विपिन ने युवाओं को माय भारत के माध्यम से आयोजित विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।समारोह में युवाओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को आत्मसात करते हुए सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में सहभागिता का संदेश दिया।
















