पोषण रंगोली से दिया जागरूकता का संदेश, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं सम्मानित
हनुमानगढ़। हिमांशु मिड्ढा
ब्लॉक हनुमानगढ़ के गांव सहजीपुरा में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित विभिन्न गतिविधियों के साथ महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं तथा बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य जसपाल अग्रवाल, डॉ. अजय मीणा एवं महिला पर्यवेक्षक संतोष खीचड़ रहे। अतिथियों ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं माताओं को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पोषण रंगोली तैयार की। रंगोली के माध्यम से संतुलित एवं पौष्टिक आहार, बच्चों के स्वास्थ्य तथा पोषण के महत्व को लेकर संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के प्रवेश उत्सव का भी आयोजन किया गया। नए बच्चों का आंगनबाड़ी केंद्र में स्वागत करते हुए उन्हें नियमित रूप से केंद्र पर आने और विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। बच्चों के अभिभावकों को भी प्रारंभिक शिक्षा, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका बच्चों के प्रारंभिक विकास के साथ-साथ महिलाओं एवं परिवारों को स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को इसी तरह जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी आयोजित की गई। महिलाओं को स्वस्थ खान-पान, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं गर्भावस्था के दौरान आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही नन्हे शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। इस दौरान परिजनों में उत्साह का माहौल रहा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।













