Advertisement
Home राजस्थान हनुमानगढ हनुमानगढ़ में कांग्रेस की निकाय चुनाव समीक्षा बैठक, पंचायत चुनाव की तैयारी...

हनुमानगढ़ में कांग्रेस की निकाय चुनाव समीक्षा बैठक, पंचायत चुनाव की तैयारी पर मंथन

हनुमानगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में निकाय चुनाव की समीक्षा बैठक में शामिल जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर और पार्टी पदाधिकारी

जिलाध्यक्ष मक्कासर बोले- गलतियों से सबक लेकर पंचायत चुनाव में मजबूती से उतरेंगे

हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में हाल ही में सम्पन्न हुए नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने की। बैठक में नगर परिषद के विभिन्न वार्डों से चुनाव मैदान में उतरे कांग्रेस प्रत्याशियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों के साथ निकाय चुनाव के परिणामों और चुनाव के दौरान सामने आई परिस्थितियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि चुनाव के दौरान संगठन स्तर पर जो कमियां सामने आई हैं, उनका गंभीरता से विश्लेषण किया जाना जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी कमियों की पुनरावृत्ति नहीं हो। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, आपसी समन्वय बढ़ाने तथा आमजन से निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की एकजुटता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।

मक्कासर ने कहा कि निकाय चुनाव के अनुभवों से सीख लेते हुए आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियां अभी से शुरू करनी होंगी। पार्टी को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत किया जाए तथा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपकर चुनावी तैयारियों को गति दी जाए। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में कांग्रेस मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और संगठन पूरी गंभीरता से रणनीति बनाकर काम करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी के पक्ष में माहौल तैयार करने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान हाल ही में नवनिर्वाचित पार्षद गुरदीप सिंह चहल एवं सिद्धार्थ स्वामी का साफा पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने दोनों पार्षदों को शुभकामनाएं दीं।
बैठक में नगर परिषद के विभिन्न वार्डों से चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के अलावा जिला पदाधिकारी एवं मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे। संगठन महासचिव मांगीलाल स्वामी, प्रवक्ता मोहनलाल ईनदलिया, विनोद जाखड़, जिला महासचिव रामनिवास चोयल, इंद्रजीत शर्मा, कालूराम गोदारा, जिला उपाध्यक्ष करणी सिंह राठौड़, जिला अध्यक्ष उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ सुरेन्द्र मारवाल, विधि प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष विजय गोंद सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए।

बैठक में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के सम्मान तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कहा कि कांग्रेस संगठन आमजन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए जनता के बीच अपनी सक्रियता लगातार बढ़ाएगा। जिलाध्यक्ष मक्कासर ने कार्यकर्ताओं से आगामी समय में पूरी एकजुटता और समन्वय के साथ संगठन को मजबूत बनाने की अपील की।

Advertisement