26 से 28 सितंबर तक लगेंगे शिविर, जिला कलक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने दिए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश , एक ही स्थान पर मिलेंगी सरकारी योजनाओं व सेवाओं की सुविधाएं
झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत जिले में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की तैयारियों एवं प्रगति की समीक्षा को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने की। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे, जबकि उपखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े।
जिला कलक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 26 से 28 सितंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय ग्रामीण सेवा शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। उन्होंने कहा कि शिविरों का उद्देश्य केवल औपचारिक आयोजन करना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उनकी समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों का मौके पर ही समाधान करना है।
डॉ. गर्ग ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों में आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाया जाए। विभागीय अधिकारी पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उनका पंजीयन सुनिश्चित करें तथा उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया में तेजी लाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त होने वाले प्रकरणों तथा मौके पर किए गए कार्यों की प्रतिदिन प्रगति पोर्टल पर अपडेट की जाए। साथ ही शिविरों से संबंधित फोटो एवं वीडियो भी पोर्टल पर अपलोड किए जाएं, ताकि अभियान की गतिविधियों एवं प्रगति की प्रभावी मॉनिटरिंग हो सके।
जिला कलक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने विभागवार निर्धारित दायित्वों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा तय लक्ष्यों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि ग्रामीण सेवा शिविरों में आने वाले लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
उन्होंने अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही आमजन की परिवेदनाओं एवं समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए अभियान की प्रभावी क्रियान्विति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।














