सभापति मंजू रणवां और उपसभापति सोनू बंसल ने ग्रहण किया पदभार; नए शामिल क्षेत्रों में सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट विकास को बताया प्राथमिकता
हनुमानगढ़। हिमांशु मिड्ढा
नगर परिषद हनुमानगढ़ की नवनिर्वाचित सभापति मंजू रणवां और उपसभापति सोनू बंसल ने गुरुवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के साथ ही दोनों पदाधिकारियों ने शहर की प्रमुख समस्याओं और विकास की प्राथमिकताओं को लेकर अपनी कार्ययोजना सामने रखी।
सभापति मंजू रणवां ने जलभराव और सफाई व्यवस्था को प्रमुख प्राथमिकता बताते हुए कहा कि मानसून के दौरान शहर के कई इलाकों में सामने आने वाली जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान तलाशना जरूरी है। इसके लिए केवल बारिश के समय नालों की सफाई के बजाय पूरे जल निकासी तंत्र का तकनीकी अध्ययन करवाकर ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
जलभराव वाले इलाकों का होगा तकनीकी अध्ययन
सभापति ने कहा कि मुख्य नालों की सफाई, पानी के निकास की दिशा और ढलान, नालियों की क्षमता तथा जलभराव वाले संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित किया जाएगा। इसके आधार पर योजनाबद्ध तरीके से काम करवाने का प्रयास रहेगा।
उन्होंने कहा कि अगले मानसून से पहले जलभराव की समस्या के समाधान से जुड़े आवश्यक कार्य शुरू करवाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा, ताकि बारिश के दौरान सड़कों और रिहायशी इलाकों में पानी लंबे समय तक जमा न रहे।
सफाई व्यवस्था की होगी मॉनिटरिंग
शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी सभापति ने नगर परिषद के अमले को सक्रिय करने की बात कही। नियमित सफाई, कचरा उठाव और नालियों की सफाई की प्रभावी मॉनिटरिंग पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना नगर परिषद की जिम्मेदारी है और इसके लिए जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों के साथ समन्वय से काम किया जाएगा।
नए क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं पर जोर
नगर परिषद सीमा में हाल ही में शामिल किए गए कोहला, 2 केएनजे, सतीपुरा और चक ज्वालासिंहवाला सहित क्षेत्रों के विकास को भी प्राथमिकता में रखा गया है। सभापति ने कहा कि इन क्षेत्रों में पक्की सड़कें, नालियां, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता है। योजनाबद्ध विकास के जरिए इन क्षेत्रों को शहर की मुख्यधारा से जोड़ने पर काम किया जाएगा।
उपसभापति बोले- जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता
उपसभापति सोनू बंसल ने कहा कि वे सभापति और नगर परिषद की पूरी टीम के साथ मिलकर शहर के विकास के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याएं सुनना और उनका समाधान करवाना जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नगर परिषद पहुंचने वाले नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों के स्तर पर उनके समाधान का प्रयास करने की बात कही।
सभापति बोलीं – जनता के भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास रहेगा
सभापति मंजू रणवां ने कहा कि शहरवासियों की अपेक्षाएं बड़ी हैं और उन्हें पूरा करना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन जनता के सहयोग और विश्वास के साथ हर चुनौती का सामना किया जाएगा। उन्होंने चुनाव के दौरान मिले समर्थन का जिक्र करते हुए ‘टीम गणेशराज’ के प्रति शहरवासियों के स्नेह और विश्वास के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का कार्यकाल पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी की भावना के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास रहेगा और शहर के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाएगा।
















