मांग पूरी नहीं हुई तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी, कहा- वित्तीय व्यवस्था पर पड़ेगा असर
हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
5-डे बैंकिंग व्यवस्था लागू करने सहित विभिन्न लंबित मांगों को लेकर बैंक कर्मचारियों का आंदोलन तेज हो गया है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के केंद्रीय आह्वान पर गुरुवार को कार्यालय समय समाप्त होने के बाद हनुमानगढ़ टाउन-जंक्शन रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर बैंकर्स ने प्रदर्शन कर विरोध दर्ज करवाया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने 5-डे बैंकिंग व्यवस्था लागू करने सहित अपनी अन्य मांगों को लेकर नारेबाजी की और सरकार तथा संबंधित विभागों से मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
बैंक कर्मचारियों ने कहा कि 11 सितंबर 2026 को हुई राष्ट्रव्यापी हड़ताल के बावजूद भारतीय बैंक संघ (IBA) और वित्तीय सेवा विभाग (DFS) की ओर से 5-डे बैंकिंग लागू करने तथा अन्य लंबित मुद्दों के समाधान की दिशा में अपेक्षित सकारात्मक पहल नहीं की गई है। इसी के चलते UFBU की ओर से आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। कर्मचारियों ने बताया कि आगामी 28, 29 और 30 सितंबर को लगातार तीन दिनों तक देशभर में पूर्ण बैंक हड़ताल रहेगी।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि आंदोलन के तहत 14 से 30 सितंबर तक नियमानुसार कार्य कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत बैंक कर्मचारी निर्धारित कार्य समय में ही कार्य करेंगे तथा कार्यालय समय से पहले अथवा बाद में काम नहीं किया जाएगा। गैर-कार्यालयीन समय में आधिकारिक बैठकों और आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुपों का भी बहिष्कार किया जा रहा है।
बैंक कर्मचारियों ने कहा कि 26 और 27 सितंबर को हड़ताल की तैयारियों को लेकर बैठकें और जनसंपर्क अभियान चलाए जाएंगे। इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी पूर्ण हड़ताल होगी। कर्मचारियों ने कहा कि उनकी प्रमुख मांगों में सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करना शामिल है। उनका कहना है कि बैंकिंग क्षेत्र में लंबे समय से 5-डे बैंकिंग की मांग उठाई जा रही है, लेकिन अभी तक इस पर अपेक्षित निर्णय नहीं हुआ है।
प्रदर्शन के दौरान बैंकर्स ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इसके बाद भी 5-डे बैंकिंग की मांग को पूरा नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। UFBU के प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार अक्टूबर में भी प्रदर्शन और जनसंपर्क अभियान जारी रहेंगे तथा मांगों का समाधान नहीं होने पर 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की घोषणा की गई है। बैंक कर्मचारियों ने कहा कि लगातार हड़ताल की स्थिति बनने से बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होंगी और इसका असर देश की वित्तीय व्यवस्था पर भी पड़ सकता है।
प्रदर्शन में पंजाब नेशनल बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के दीपक चौधरी दिलीप कुमार, वर्कमैन यूनियन के प्रदीप गोयल अश्वनी अरोरा व उमाशंकर गोयल, सुधीर एसबीआई से जगप्रीत ढींगरा, डूंगर भाटी, तेजिंदर सियाग, प्रदीप जोशी व अंकित डोडा, दीपिका, हर्षा, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया से आदराम साहू, केनरा बैंक से अंकिता, आशीष, बैंक ऑफ बड़ौदा से राजेश मुंजाल वीरेंद्र सहारण, बैंक ऑफ इंडिया से राकेश कुमार व रुपेश कुमार महिला शक्ति ने भी अपनी भागीदारी निभाई । विभिन्न बैंकों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने आगामी तीन दिवसीय हड़ताल को सफल बनाने के लिए एकजुटता का आह्वान किया।













