उदयपुरवाटी पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त , चोरी के माल की बरामदगी और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
उदयपुरवाटी। झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
765 केवी डबल सर्किट सीकर-II-नरेला पारेषण बिजली लाइन से तार एवं बड़ी मात्रा में विद्युत उपकरण चोरी करने वाले गिरोह का उदयपुरवाटी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में उदयपुरवाटी क्षेत्र निवासी मुकेश उर्फ मच्छा तथा सीकर जिले के खंडेला थाना क्षेत्र निवासी अजय कुमार शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी मुकेश से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
चोरी किए गए माल की बरामदगी तथा वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन, नवलगढ़ वृत्ताधिकारी सुगन सिंह के सुपरविजन तथा उदयपुरवाटी थानाधिकारी रामपाल मीणा पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 19 सितंबर 2026 को परिवादी सुब्रदीप राय निवासी पश्चिम बंगाल, हाल प्रोजेक्ट इंचार्ज स्कीपर लिमिटेड ने उदयपुरवाटी थाने में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया गया कि स्कीपर लिमिटेड द्वारा पावरग्रिड के अधीन एपी -41 से एपी -45 तक कार्य किया जा रहा था।
इसी दौरान कुछ अज्ञात लोग 4-5 वाहनों और 2-3 मोटरसाइकिलों के साथ साइट पर चोरी के उद्देश्य से पहुंचे। साइट पर तैनात रात्रि चौकीदार की सतर्कता से इसकी जानकारी हुई। मौके पर बदमाशों की एक मोटरसाइकिल आरजे18 एक्सएस 9103 मिली तथा चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार भी साइट पर मिले। बाद में साइट की जांच करने पर बड़ी मात्रा में बिजली लाइन से संबंधित सामान चोरी होना सामने आया। चोरी की घटना गोरिया धनावता गांव क्षेत्र में सामने आई। पुलिस के अनुसार बदमाश यहां से एएल – 59 जेबरा कंडक्टर 11.5 किमी, एएल -59 जेबरा कंडक्टर बिट 2.16 किमी, 6.5 टन क्षमता के 70 डिसाइकिल, 9.5 टन क्षमता के 30 डिसाइकिल, 10 पायलट जॉइन्ट, 6 आरटीक्यूटर जॉइन्टर, 12 आरटी क्यूलर जॉइन्ट, 67 एमएस जॉइन्ट, 12 रिपेयर स्लिप सहित बड़ी मात्रा में विद्युत सामग्री चोरी कर ले गए।
इसके अलावा 12 क्यूटी सेट, 6 डीआईएस सेट, 6 एसएसपी सेट, 257 लाइन स्पेशर, 103 रिजिट स्पेशर तथा 10 एसएस रोलर भी चोरी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।चोरी गए माल और आरोपियों की तलाश के लिए थाना स्तर पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए 23 सितंबर 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश उर्फ मच्छा पुत्र जगदीश, उम्र 24 वर्ष, निवासी ढाका की ढाणी, तन सोकडाला, थाना उदयपुरवाटी तथा अजय कुमार पुत्र सुभाषचंद, उम्र 21 वर्ष, निवासी कोटड़ी, थाना खंडेला, जिला सीकर शामिल हैं । पुलिस ने आरोपी मुकेश उर्फ मच्छा से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चोरी किए गए माल की बरामदगी के प्रयास कर रही है। साथ ही वारदात में शामिल अन्य साथियों का पता लगाने के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपी मुकेश ढाका उर्फ मच्छा का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ प्रकरण संख्या 312/2022, धारा 379 भादंसं, पुलिस थाना कोतवाली झुंझुनूं में मामला दर्ज है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी रामपाल मीणा पुलिस निरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार, सहायक उपनिरीक्षक जीवणराम, हैडकांस्टेबल शुभकरण , कांस्टेबल अमित कुमार (सूचना अधिकारी), कांस्टेबल सवाई सिंह तथा कांस्टेबल संदीप शामिल रहे। पुलिस के अनुसार कांस्टेबल अमित कुमार की विशेष भूमिका रही।














