Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं रोडवेज परिचालक से मारपीट – तोड़फोड़ के मामले में थाना स्तर के...

रोडवेज परिचालक से मारपीट – तोड़फोड़ के मामले में थाना स्तर के टॉप- टेन में शामिल दो आरोपी गिरफ्तार

चिड़ावा बस स्टैंड रोडवेज परिचालक मारपीट मामले में गिरफ्तार आरोपी

चिड़ावा बस स्टैंड पर हुई थी वारदात , परिचालक से नकदी-मोबाइल व ईयरफोन छीनने – तोड़फोड़ का आरोप, अमित कुमार के खिलाफ पूर्व में चार मामले दर्ज

चिड़ावा। झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
रोडवेज परिचालक के साथ मारपीट, तोड़फोड़ एवं राजकार्य में बाधा के मामले में चिड़ावा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थाना स्तर की टॉप- टेन वांछित आरोपियों की सूची में शामिल अमित कुमार और संजय को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी घटना के बाद से वांछित चल रहे थे। गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार के खिलाफ पूर्व में चार आपराधिक प्रकरण दर्ज होना बताया गया है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी चिड़ावा गौरव गुर्जर और थानाधिकारी लक्ष्मी चंद वर्मा के सुपरविजन में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार 29 जुलाई 2026 को डीडवाना आगार के रोडवेज परिचालक गोविन्द शर्मा ने चिड़ावा थाने में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 28 जुलाई को चिड़ावा बस स्टैंड पर रोडवेज बस से सवारियां उतारते समय नीलम बस से जुड़े लोगों ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के दौरान रोडवेज की करीब 5 से 7 हजार रुपए की नकदी गिर गई, मोबाइल क्षतिग्रस्त हो गया, करीब 2 हजार रूपए कीमत के ईयरफोन तोड़ दिए गए तथा कपड़े फाड़ दिए गए।

परिवादी ने घटना को राजकार्य में बाधा पहुंचाने का भी आरोप लगाया। रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। पुलिस ने घायल परिचालक का मेडिकल करवाने के साथ संबंधित रिकॉर्ड प्राप्त कर अनुसंधान में शामिल किया। अनुसंधान के दौरान अमित कुमार और संजय के खिलाफ आरोप प्रमाणित पाए जाने पर दोनों की तलाश शुरू की गई। पुलिस के मुताबिक दोनों वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। दोनों को थाना स्तर की टॉप – टेन वांछित आरोपियों की सूची में शामिल किया गया था। तलाश के दौरान पुलिस टीम ने 23 सितंबर 2026 को अमित कुमार और संजय को डिटेन कर पूछताछ की।

पूछताछ एवं अनुसंधान में अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में अमित कुमार पुत्र महेन्द्र कुमार, उम्र 34 वर्ष, निवासी मुरादपुर, थाना सिंघाना, जिला झुंझुनूं तथा संजय पुत्र विजय सिंह, उम्र 42 वर्ष, निवासी पालोता, थाना सिंघाना, जिला झुंझुनूं शामिल है I कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी लक्ष्मी चंद वर्मा, उप निरीक्षक भीवाराम, सहायक उप निरीक्षक दयाराम बाकोलिया, कांस्टेबल पवन कुमार तथा आरटी पिंटू शामिल रहे।

Advertisement