साइबर सुरक्षित राजस्थान माह के तहत जागरूकता कार्यक्रम, 50-60 पेंशनर्स हुए शामिल , ओटीपी, बैंक डिटेल व निजी जानकारी साझा नहीं करने की अपील
झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘साइबर सुरक्षित राजस्थान माह सितम्बर-2026’ अभियान के तहत पुलिस थाना साइबर, जिला झुंझुनूं की ओर से पेंशनर्स समाज कल्याण भवन में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पेंशनर्स को ऑनलाइन वित्तीय फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, फिशिंग लिंक और डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी के तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम महानिदेशक पुलिस, साइबर क्राइम एवं तकनीकी सेवाएं, राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार, जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इसमें पेंशनर्स समाज के अध्यक्ष नेमीचंद पूनिया सहित करीब 50-60 पेंशनर्स ने भाग लिया। साइबर पुलिस टीम की ओर से मुख्य वक्ता अशोक कुमार प्रोग्रामर, राजेन्द्र सिंह सहायक प्रोग्रामर, ताराचंद मीना एएसआई तथा सुभाष कुमार कांस्टेबल ने पेंशनर्स को साइबर अपराधों के बदलते तौर-तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड अथवा व्यक्तिगत दस्तावेज साझा नहीं करें।
सोशल मीडिया पर भी अनजान लोगों को अपनी फोटो, आईडी, घर का पता, बच्चों के स्कूल का नाम सहित निजी जानकारी देने से बचें। मोबाइल में टू-स्टेप वेरिफिकेशन सक्रिय रखने की सलाह दी गई। पुलिस अधिकारियों ने निवेश संबंधी फ्रॉड से भी सावधान रहने को कहा। उन्होंने बताया कि अनजान कॉल, मैसेज या सोशल मीडिया के जरिए मिलने वाले किसी भी तरह के प्रलोभन में नहीं आएं। जल्दी और ज्यादा कमाई के लालच में अपनी मेहनत की कमाई गंवाने से बचें। ऑनलाइन लेनदेन के लिए केवल भरोसेमंद और सुरक्षित प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करें तथा डिजिटल लेनदेन के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और साइबरक्राइम डॉट जीओवी डॉट इन पोर्टल की जानकारी देते हुए बताया गया कि साइबर ठगी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही नजदीकी पुलिस थाने में भी शिकायत की जा सकती है। अधिकारियों ने इंटरनेट का उपयोग जिम्मेदारी और सतर्कता से करने तथा बच्चों, बुजुर्गों और परिवार के अन्य सदस्यों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों से बचाव से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए और पेंशनर्स को साइबर सुरक्षा के विभिन्न सरल उपायों की जानकारी दी गई।














