Advertisement
Home राजस्थान हनुमानगढ हनुमानगढ़ में सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा अभियान, विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी

हनुमानगढ़ में सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा अभियान, विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी

हनुमानगढ़ में सड़क सुरक्षा अभियान के दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देते पुलिस अधिकारी

नशे से दूर रहने और सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद के लिए किया प्रेरित

हनुमानगढ़ । हिमांशु मिड्ढा
जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को राजकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, हनुमानगढ़ जंक्शन के प्रांगण में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवा वर्ग छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा ने सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि यातायात नियमों की पालना केवल स्वयं की सुरक्षा के लिए ही नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जिंदगी बचाने के लिए भी जरूरी है।

अभियान के दौरान यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा ने छात्र-छात्राओं को वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने सहित विभिन्न नियमों के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों की पालना करने के साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नियमों के प्रति जागरूक करें।

कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। युवाओं को नशे से दूर रहने तथा अपने साथियों और समाज के अन्य लोगों को भी नशे से बचाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही नशे का अवैध व्यापार करने वालों के संबंध में जानकारी मिलने पर इसकी सूचना तत्काल पुलिस विभाग को देने का आह्वान किया गया। बताया गया कि नशे के खिलाफ सामूहिक जागरूकता और जिम्मेदारी से ही युवा पीढ़ी को इसके दुष्प्रभावों से बचाया जा सकता है।

सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों की मदद करने के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को समय पर चिकित्सा सहायता मिलना बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में दुर्घटना देखने पर घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने अथवा आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने के लिए आगे आना चाहिए। विद्यार्थियों को अच्छा मददगार बनने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की स्वयं पालना करने तथा दूसरों से भी पालना करवाने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा को लेकर अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। अभियान के आयोजकों ने बताया कि सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति और दुर्घटना पीड़ितों की मदद को लेकर जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।

Advertisement