Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं निकाय चुनाव से पहले पुलिस का सख्त पहरा, अपराधियों पर रहेगी पैनी...

निकाय चुनाव से पहले पुलिस का सख्त पहरा, अपराधियों पर रहेगी पैनी नजर

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने झुंझुनूं में ली अपराध समीक्षा बैठक, शांतिपूर्ण चुनाव के लिए अधिकारियों को दिए प्रभावी सुरक्षा इंतजामों के निर्देश

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
आगामी नगरीय निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के साथ जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरूवार को पुलिस महानिदेशक राजस्थान राजीव कुमार शर्मा, आईपीएस ने रिजर्व पुलिस लाइन झुंझुनूं के सभागार में जिले की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और चुनावी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में महानिरीक्षक पुलिस जयपुर रेंज राहुल प्रकाश, आईपीएस, उप महानिरीक्षक पुलिस एवं मुख्य स्टाफ अधिकारी कुंवर राष्ट्रदीप, जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर, आईपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत, आरपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्यूआईडीटी फूलचंद मीणा, आरपीएस सहित जिले के पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

हिस्ट्रीशीटरों और सक्रिय अपराधियों पर रहेगी निगरानी

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने हार्डकोर हिस्ट्रीशीटरों एवं सक्रिय अपराधियों पर पूर्ण निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधियों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आगामी नगरीय निकाय चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हो, इसके लिए सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उन्होंने जिले के प्रत्येक गांव और मोहल्ले में आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी सूचनाओं को अपडेट रखने तथा पीड़ित व्यक्तियों से संबंधित जानकारी का भी नियमित संधारण करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस के आसूचना तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया।डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि थानों पर आने वाले परिवादियों के साथ विनम्र, संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। पुलिस थानों के स्वागत कक्षों में साफ-सफाई के साथ बिजली एवं पानी की समुचित व्यवस्था रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करने तथा अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया। बैठक में डीजीपी ने सीएलजी एवं युवा सीएलजी सदस्यों के साथ निरंतर संवाद एवं समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर तालमेल से अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था में सुधार, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा।अपराध समीक्षा बैठक के बाद पुलिस थाना सदर झुंझुनूं में युवा सीएलजी सदस्यों के साथ बैठक हुई। इसमें पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान डीजीपी राजीव कुमार शर्मा, आईजी राहुल प्रकाश, डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप एवं एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार परिसर में पौधारोपण भी किया।डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने पुलिस थाना सदर झुंझुनूं का निरीक्षण भी किया। उन्होंने थाना परिसर, स्वागत कक्ष, हवालात, मालखाना एवं कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण और आमजन को उपलब्ध कराई जा रही पुलिस सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने थाना अधिकारियों को परिवादियों की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण और सक्रिय अपराधियों पर प्रभावी निगरानी बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निकाय चुनाव से ठीक पहले हुई इस उच्चस्तरीय अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस महानिदेशक ने स्पष्ट संकेत दिया कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी।

Advertisement