संकट मोचन बालाजी धाम में विधि-विधान से हुआ महा रुद्राभिषेक, सुख-शांति व समृद्धि की कामना
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE

हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
श्री संकट मोचन बालाजी धाम, सेक्टर नंबर 12 हनुमानगढ़ जंक्शन परिसर में श्री हनुमान जन कल्याण समिति के तत्वावधान में श्रावण मास की शिवरात्रि श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। समिति अध्यक्ष सुमित रणवा के निर्देशन में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन किया।समिति महासचिव भारत भूषण कौशिक ने बताया कि श्रावण मास की शिवरात्रि के शुभ अवसर पर परिसर स्थित बाबा भोलेनाथ के शिवालय में 31 जोड़ों द्वारा सामूहिक रूप से पार्थिव शिवलिंग का रुद्राभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान शिव का पूजन कर जल, दूध, दही, घी, शहद सहित विभिन्न पूजन सामग्री से अभिषेक किया। इस दौरान मंदिर परिसर भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि के साथ क्षेत्र में शांति एवं खुशहाली की कामना की।कार्यक्रम में विकास शर्मा, कपिल शास्त्री एवं रवि शास्त्री के सानिध्य में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करवाए गए। पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना करवाई। इलाके की सुख-शांति और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर पूरे विधि-विधान से महा रुद्राभिषेक करवाया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से क्षेत्र में खुशहाली, परिवारों में सुख-शांति तथा सभी के उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की।समिति पदाधिकारियों ने बताया कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है। इस दौरान शिवालयों में पूजा-अर्चना, अभिषेक और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाता है। इसी कड़ी में श्री हनुमान जन कल्याण समिति द्वारा भी शिवरात्रि के अवसर पर सामूहिक धार्मिक आयोजन किया गया। आयोजन में शामिल श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ भगवान भोलेनाथ की आराधना की।कार्यक्रम के दौरान समिति से जुड़े सदस्यों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। इस अवसर पर शेरपाल सिंह, पवन अग्रवाल, बनवारी कूकना, सुरेंद्र बंसल, नरेश शर्मा, संदीप बिंदल, वीरेंद्र शर्मा, मोहित बलाडिया, पुरुषोत्तम सोनी, गुरु सेवक संघ के राजेंद्र बतरा, गुरचरण धुरिया, मलकीत मान, नीरज कुमार सहित समिति के अनेक सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।














